टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू का मौका नहीं मिला है, लेकिन इंग्लैंड में उनकी चर्चा लगातार बढ़ती जा रही है। इंग्लिश मीडिया से लेकर पूर्व क्रिकेटरों तक हर कोई 15 साल के इस बल्लेबाज की तारीफ कर रहा है। अगर उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में मौका मिलता है, तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं।
इंग्लिश मीडिया ने बताया 'कुदरत का करिश्मा'
इंग्लैंड के कई बड़े मीडिया संस्थानों ने वैभव सूर्यवंशी पर खास रिपोर्ट प्रकाशित की है। टॉकस्पोर्ट पर चर्चा के दौरान उन्हें 'कुदरत का करिश्मा' बताया गया। कार्यक्रम में कहा गया कि इतनी कम उम्र में जिस तरह का खेल वैभव दिखा रहे हैं, उसे देखने के लिए हर क्रिकेट प्रेमी उत्साहित है।
मार्क बुचर ने की बड़ी तारीफ
इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज मार्क बुचर ने कहा कि वैभव की उम्र पर सवाल उठाने वालों को उनके आंकड़े देखने चाहिए। उनके मुताबिक, दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग में वैभव ने ऐसा प्रदर्शन किया, जो बड़े-बड़े बल्लेबाज भी नहीं कर पाए। उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया और पूरे टूर्नामेंट में 225 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।
BBC और माइकल वॉन भी हुए प्रभावित
BBC ने भी वैभव सूर्यवंशी पर विशेष रिपोर्ट प्रकाशित की, जिसमें उनकी बल्लेबाजी के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और सादगी का जिक्र किया गया। वहीं इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने आईपीएल के दौरान हुई मुलाकात का किस्सा साझा करते हुए बताया कि जब उन्होंने वैभव से मैच की तैयारी के बारे में पूछा तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि वह मैच से पहले कार्टून देखते हैं। खाने के सवाल पर उनका जवाब था, "मैं सब कुछ खाता हूं।"
इसे भी पढ़ें : Vaibhav Suryavanshi का डेब्यू क्यों टल रहा? Gavaskar बोले- अब हर मैच के साथ बढ़ेगा दबाव
अब डेब्यू पर टिकी सभी की नजर
वैभव सूर्यवंशी को लेकर भारत ही नहीं, इंग्लैंड में भी उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि जितनी देर से उनका डेब्यू होगा, उम्मीदें भी उतनी ही बढ़ेंगी। अब सभी की नजर इंग्लैंड के खिलाफ अगले मुकाबलों पर है कि क्या टीम इंडिया इस युवा बल्लेबाज को मौका देती है या फिर उनका इंतजार कुछ और लंबा हो जाता है।