आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की। इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने 17 गेंदों में 52 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी स्ट्राइक रेट 305.88 रही और उन्होंने 5 छक्के व 4 चौके जड़े।
फिर दोहराया पिछला जलवा
वैभव से उम्मीद थी कि वह पिछले सीजन जैसा प्रदर्शन करेंगे और उन्होंने वही कर दिखाया। मैदान पर आते ही उन्होंने आक्रामक अंदाज अपनाया और शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उनकी पारी ने मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।
टीम इंडिया डेब्यू अब संभव
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि वैभव टीम इंडिया के लिए कब खेलेंगे। पहले उनकी उम्र बाधा थी, क्योंकि 15 साल से कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने की अनुमति नहीं होती। लेकिन अब 27 मार्च 2026 को 15 साल के होते ही वह चयन के लिए पूरी तरह योग्य हो गए हैं।
आने वाली सीरीज में मिल सकता मौका
टीम इंडिया को आगे अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज खेलनी है, इसके बाद आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज होगी। ऐसे में अगर चयनकर्ता चाहें, तो वैभव को इन सीरीज में मौका मिल सकता है। उनके हालिया प्रदर्शन ने चयन की राह और आसान कर दी है।
इसे भी पढ़ें : पश्चिम UP में जाट बनाम ठाकुर सियासत गरम, 2027 से पहले नेताओं की चालें तेज
रिकॉर्ड बनाकर बढ़ाया दबदबा
वैभव ने चेन्नई के खिलाफ 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो आईपीएल इतिहास का संयुक्त तीसरा सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर तेज शुरुआत दी और पावरप्ले में टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
बिहार से निकला नया सितारा
बिहार के समस्तीपुर से आने वाले वैभव ने कम उम्र में ही बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। वह बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के साथ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर अब वह भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा नाम बनते जा रहे हैं।