भारत और आयरलैंड के बीच 26 जून से शुरू हो रही टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी की है। 15 साल के इस युवा बल्लेबाज को अगर डेब्यू का मौका मिलता है तो वह सिर्फ टीम इंडिया की जर्सी पहनने नहीं उतरेंगे। उनके सामने बड़े रिकॉर्ड भी होंगे। वैभव अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और लंबे छक्कों के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की छोटी सी सीरीज भी उनके लिए यादगार बन सकती है। खास बात यह है कि भारत-आयरलैंड टी20 इतिहास में कई रिकॉर्ड रोहित शर्मा हार्दिक पंड्या और केएल राहुल के नाम दर्ज हैं।
हार्दिक का स्ट्राइक रेट वाला रिकॉर्ड
भारत-आयरलैंड टी20 मुकाबलों में सबसे तेज रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में हार्दिक पंड्या का नाम सबसे ऊपर है। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों में 241.93 के स्ट्राइक रेट से 75 रन बनाए हैं। एक पारी में उनका स्ट्राइक रेट 355.55 तक पहुंच चुका है। हार्दिक ने सिर्फ 9 गेंदों में 32 रन बनाए थे और चार छक्के लगाए थे। वैभव सूर्यवंशी जिस तरह पहली गेंद से बड़े शॉट खेलने की कोशिश करते हैं उससे यह रिकॉर्ड खतरे में दिख सकता है। अगर उन्हें ज्यादा गेंदें खेलने का मौका मिला तो वह तेजी से रन बनाकर हार्दिक को पीछे छोड़ सकते हैं।
रोहित शर्मा के छक्कों का बड़ा रिकॉर्ड
भारत और आयरलैंड के बीच टी20 सीरीज में रोहित शर्मा भारतीय बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी हैं। रोहित ने चार मैचों में कुल 9 छक्के लगाए हैं। दोनों टीमों को मिलाकर सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड आयरलैंड के एंडी बलबिर्नी के नाम है जिन्होंने 11 छक्के लगाए हैं। वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का सबसे बड़ा हथियार उनके छक्के हैं। उन्होंने घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कई बार एक पारी में 10 से ज्यादा छक्के लगाए हैं। अगर डेब्यू मैच में उनका बल्ला चला तो रोहित और बलबिर्नी दोनों के आंकड़े पीछे छूट सकते हैं।
राहुल और हुड्डा की चुनौती भी सामने
एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का भारतीय रिकॉर्ड केएल राहुल और दीपक हुड्डा के नाम है। दोनों ने आयरलैंड के खिलाफ एक टी20 पारी में 6-6 छक्के लगाए हैं। दीपक हुड्डा ने चौके और छक्कों से एक पारी में 72 रन बनाकर अलग रिकॉर्ड भी बनाया था। वैभव के लिए यह चुनौती बड़ी जरूर है लेकिन उनके खेल के हिसाब से नामुमकिन नहीं। अगर पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी रही और उन्हें पावरप्ले में खुलकर खेलने का मौका मिला तो वह एक ही मैच में कई रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।
टीम इंडिया में जगह बनाने की असली परीक्षा
वैभव के लिए आयरलैंड दौरा सिर्फ रिकॉर्ड तोड़ने का मौका नहीं है। टीम इंडिया में ओपनिंग के लिए अभिषेक शर्मा इशान किशन संजू सैमसन और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। ऐसे में वैभव को मिले हर मैच में खुद को साबित करना होगा। उनके सामने चुनौती होगी कि वह सिर्फ तेज शुरुआत ही नहीं बल्कि दबाव में जिम्मेदारी से बल्लेबाजी भी करें। चयनकर्ता देखेंगे कि युवा बल्लेबाज अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों के सामने कितना टिकता है और मुश्किल परिस्थितियों में कैसे फैसले लेता है।
इसे भी पढ़ें : Australia की बड़ी जीत ने बढ़ाया दबाव, अब भारत के सामने सेमीफाइनल बचाने की सबसे कठिन परीक्षा
दो मैचों में बन सकता है बड़ा इतिहास
भारत और आयरलैंड के बीच पहला टी20 मैच 26 जून को खेला जाएगा जबकि दूसरा मुकाबला 28 जून को होगा। दो मैचों की इस सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू मिलता है तो हर गेंद पर नजर रहेगी। क्या वह हार्दिक का स्ट्राइक रेट रिकॉर्ड तोड़ेंगे। क्या रोहित शर्मा के 9 छक्कों को पीछे छोड़ेंगे। क्या केएल राहुल और दीपक हुड्डा के एक पारी में 6 छक्कों वाले रिकॉर्ड को ध्वस्त करेंगे। इन सवालों का जवाब मैदान पर मिलेगा लेकिन इतना तय है कि वैभव को मौका मिला तो आयरलैंड के गेंदबाजों के लिए यह सीरीज आसान नहीं रहने वाली है।