आईपीएल 2026 अब अपने आखिरी दौर में पहुंच चुका है और सिर्फ 2 मुकाबलों के बाद नया चैंपियन मिल जाएगा। लेकिन इसी के साथ ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की सबसे बड़ी रेस भी चरम पर पहुंच गई है। इस समय सबसे ज्यादा चर्चा राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की हो रही है। वैभव ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोककर ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया। अब उनके नाम 15 पारियों में 680 रन हो चुके हैं।
साई सुदर्शन को पीछे छोड़ा
एलिमिनेटर मुकाबले से पहले वैभव 583 रन के साथ पांचवें स्थान पर थे। लेकिन हैदराबाद के खिलाफ तूफानी पारी खेलकर उन्होंने गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन को पीछे छोड़ दिया। साई सुदर्शन के नाम फिलहाल 652 रन हैं। हालांकि गुजरात के पास अभी क्वालिफायर-2 का मुकाबला बचा है, इसलिए सुदर्शन के पास दोबारा नंबर-1 बनने का मौका रहेगा। दूसरी तरफ वैभव का स्ट्राइक रेट और लगातार आक्रामक बल्लेबाजी पूरे सीजन में चर्चा का विषय बनी हुई है।
क्लासन और ईशान नहीं कर सके कमाल
सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिख क्लासन और ईशान किशन के पास भी ऑरेंज कैप की रेस में आगे बढ़ने का मौका था। लेकिन दोनों बल्लेबाज एलिमिनेटर में बड़ी पारी नहीं खेल सके। क्लासन सिर्फ 18 रन बनाकर आउट हो गए और उनका सीजन 624 रन पर खत्म हुआ। वहीं ईशान किशन ने तेज 33 रन बनाए और 600 रन का आंकड़ा पार किया, लेकिन वह 602 रन के साथ सीजन खत्म कर बैठे। हैदराबाद की हार के साथ दोनों खिलाड़ी ऑरेंज कैप की दौड़ से लगभग बाहर हो गए।
पर्पल कैप में आर्चर की एंट्री
पर्पल कैप की रेस भी बेहद रोमांचक हो चुकी है। राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने एलिमिनेटर मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। इसके साथ ही उनके नाम अब 24 विकेट हो गए हैं और वह तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। आर्चर ने अपनी रफ्तार और लगातार विकेट निकालने की क्षमता से राजस्थान की उम्मीदें जिंदा रखी हैं।
भुवनेश्वर और रबाडा सबसे आगे
पर्पल कैप की रेस में फिलहाल भुवनेश्वर कुमार और कगिसो रबाडा संयुक्त रूप से सबसे आगे हैं। दोनों गेंदबाजों के नाम 26-26 विकेट हैं। अब क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की भिड़ंत होगी, जहां रबाडा और आर्चर दोनों के पास आगे निकलने का मौका रहेगा। इस मुकाबले पर अब सिर्फ फाइनल की टिकट ही नहीं बल्कि पर्पल कैप की जंग भी टिकी हुई है।
इसे भी पढ़ें : 15 साल के बल्लेबाज ने तोड़ा यूनिवर्स बॉस का महारिकॉर्ड, सोशल मीडिया पर खुद गेल ने की तारीफ, पढ़ें क्या कहा ?
रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं वैभव
पिछले सीजन में साई सुदर्शन ने 759 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी और सबसे युवा विजेता बने थे। लेकिन अब वैभव सूर्यवंशी के पास वह रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। जिस अंदाज में वह बल्लेबाजी कर रहे हैं, उससे पूरा क्रिकेट जगत हैरान है। अब फैंस की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या 15 साल का यह बल्लेबाज आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर पाएगा।