Vaibhav Suryavanshi Ranji Trophy : भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला। सीरीज 2-2 से बराबर रही। अब पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने वैभव को लेकर अपनी राय रखी है। उनका मानना है कि जब युवा खिलाड़ी को लगातार बेंच पर ही बैठना है, तो उसे घरेलू क्रिकेट में खेलने का मौका देना चाहिए।
टीम में जगह बनाना मुश्किल
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर में पहले से कई अच्छे बल्लेबाज मौजूद हैं। ऐसे में वैभव के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना आसान नहीं है। चोपड़ा के मुताबिक, वैभव को संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा या ईशान किशन में से किसी एक की जगह ही मौका मिल सकता है। जब ये खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हों, तो टीम से किसी को बाहर करना आसान फैसला नहीं होता।
रणजी ट्रॉफी खेलने की सलाह
आकाश चोपड़ा ने सुझाव दिया कि अगर वैभव सूर्यवंशी को लगातार मैचों में मौका नहीं मिल रहा है, तो उन्हें रणजी ट्रॉफी में खेलने के लिए रिलीज कर देना चाहिए। इससे उन्हें मैदान पर उतरने और अपनी बल्लेबाजी को आगे बढ़ाने का मौका मिलेगा। चोपड़ा का कहना है कि टीम में शामिल होने के बावजूद अगर किसी खिलाड़ी को खेलने का अवसर नहीं मिलता, तो उसे दूसरे मुकाबलों में खेलने देना बेहतर हो सकता है।
टी20 में शानदार रहे हैं आंकड़े
वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में टी20 क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी से ध्यान खींचा है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने आठ मैचों में 186 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 246 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतक भी निकले हैं। इन आंकड़ों के बावजूद भारतीय टीम में उन्हें लगातार खेलने का मौका नहीं मिल रहा है। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में उन्हें अवसर मिलेगा या नहीं, इस पर नजर रहेगी। यह सीरीज 22 नवंबर से शुरू होनी है।
तिलक वर्मा के प्रदर्शन का किया बचाव
आकाश चोपड़ा ने तिलक वर्मा को टीम से बाहर करने की मांग का समर्थन नहीं किया। उनका कहना है कि तिलक के प्रदर्शन को सिर्फ हाल के कुछ मैचों के आधार पर नहीं आंकना चाहिए। तिलक नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए दो शतक लगा चुके हैं। इसके बाद चोट के कारण उन्हें परेशानी हुई और विश्व कप से पहले भी उनकी फिटनेस को लेकर दिक्कत रही थी।
इसे भी पढ़ें : UP Election 2027: अखिलेश यादव ने बनाई खास रणनीति, हर विधानसभा सीट का हिसाब लगा रही सपा
मिडिल ऑर्डर में भी निभाई अहम भूमिका
चोपड़ा ने कहा कि तिलक वर्मा ने मिडिल ऑर्डर और निचले मिडिल ऑर्डर में भी अच्छा योगदान दिया है। फिनिशर की भूमिका मिलने के बाद भी उन्होंने उपयोगी प्रदर्शन किया है। ऐसे में सिर्फ वैभव सूर्यवंशी को मौका देने के लिए तिलक को निशाना बनाना सही नहीं है। चोपड़ा ने टॉप ऑर्डर के खिलाड़ियों को बारी-बारी से मौका देने का सुझाव भी दिया, ताकि वैभव जैसे युवा खिलाड़ी को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल सके।