भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड में अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया है. महज 14 साल की उम्र में उन्होंने अंडर-19 इंग्लैंड टीम के खिलाफ वनडे और टेस्ट दोनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया है. उनकी बल्लेबाजी ने न सिर्फ विरोधी टीम को हैरान किया, बल्कि वहां मौजूद फैंस को भी उनका दीवाना बना दिया.
ऑटोग्राफ देने को उमड़ रही भीड़, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
एक वायरल वीडियो में वैभव इंग्लैंड के बच्चों को ऑटोग्राफ देते नजर आ रहे हैं. जहां एक ओर फैंस उन्हें ‘नेक्स्ट बिग थिंग’ बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग उन्हें लेकर चिंतित भी नजर आए. सोशल मीडिया पर कई फैंस ने उन्हें चेतावनी दी है कि वो पॉपुलैरिटी में बहने की बजाय अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करें.
पृथ्वी शॉ से तुलना और फैंस की फिक्र
फैंस का डर ये है कि कहीं वैभव भी पृथ्वी शॉ की तरह शुरुआती सफलता के बाद भटक न जाएं. एक यूजर ने लिखा, "बस अपना फोकस गेम पर रखो, इंडिया ने पृथ्वी शॉ को भी देखा है." वहीं एक अन्य ने कहा, “टैलेंट जबरदस्त है, लेकिन ये नाम और शोहरत संभालना बड़ी चुनौती है.”
राहुल द्रविड़ की निगरानी में वैभव, राजस्थान रॉयल्स भी दिखा रही भरोसा
इस युवा क्रिकेटर पर राजस्थान रॉयल्स की भी पैनी नजर है. आईपीएल 2025 के दौरान राहुल द्रविड़ ने खुद बताया था कि वो वैभव और उनके माता-पिता के सीधे संपर्क में हैं. द्रविड़ का मार्गदर्शन उनके करियर के लिए एक बड़ी ताकत साबित हो सकता है.
वनडे में 355 रन, टेस्ट में भी शानदार अर्धशतक
यूथ वनडे सीरीज में वैभव ने 355 रन बनाए, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 174 से ज्यादा और एवरेज 71 रहा. उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक जमाया और कुल 29 छक्के उड़ाए. वहीं यूथ टेस्ट में उन्होंने दूसरी पारी में 56 रनों की आक्रामक पारी खेली.
अभी शुरुआत है, लेकिन उम्मीदें बहुत बड़ी हैं
वैभव सूर्यवंशी अभी करियर की शुरुआत में हैं, लेकिन जो पहचान उन्होंने इतनी कम उम्र में बना ली है, वो खास है. फैंस की उम्मीदें उनसे आसमान छू रही हैं — अब देखने वाली बात ये होगी कि वो इस चमक को बनाए रख पाते हैं या नहीं.