वैभव सूर्यवंशी आज भारतीय क्रिकेट का सबसे चर्चित नाम बन चुके हैं। जब राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें खरीदा था, तब उनकी उम्र को लेकर सवाल उठते थे। सिर्फ 13 साल के इस खिलाड़ी पर लोगों को भरोसा नहीं हो रहा था। लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। मैदान पर उतरते ही वैभव ने अपने खेल से सबको जवाब दिया और आज वह विस्फोटक बल्लेबाज के रूप में पहचाने जाते हैं।
डेब्यू मैच से ही दिखा दम
वैभव ने 19 अप्रैल 2025 को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेला। उन्होंने अपने करियर की पहली ही गेंदों में आक्रामक अंदाज दिखाया और छक्का लगाकर खाता खोला। पहले मैच में 20 गेंदों पर 34 रन बनाते हुए उन्होंने 3 छक्के और 2 चौके जड़े। तभी साफ हो गया था कि यह खिलाड़ी लंबी रेस का घोड़ा है।
छक्कों के किंग बने वैभव
डेब्यू के बाद से आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अब वैभव सूर्यवंशी के नाम है। उन्होंने सिर्फ 14 मैचों में 44 छक्के जड़ दिए हैं, जो किसी भी बल्लेबाज से ज्यादा हैं। इस दौरान उन्होंने जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी गेंदबाजों के खिलाफ भी बड़े शॉट लगाए हैं।
टॉप-5 में कौन-कौन शामिल
छक्कों की इस रेस में दूसरे नंबर पर अभिषेक शर्मा हैं, जिनके नाम 35 छक्के हैं। तीसरे स्थान पर प्रभसिमरन सिंह (34 छक्के), चौथे पर श्रेयस अय्यर (33 छक्के) और पांचवें नंबर पर सूर्यकुमार यादव (29 छक्के) मौजूद हैं। लेकिन इन सबके बीच वैभव का दबदबा सबसे ज्यादा दिख रहा है।
इसे भी पढ़ें : मां के निधन के दो दिन बाद मैदान में उतरे Mukesh, CSK की ऐतिहासिक जीत में दिखा जज्बा
करियर आंकड़े भी कमाल
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में 7 मैचों में 252 रन बनाए थे, जिसमें 35 गेंदों पर शतक भी शामिल था, जो किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे तेज शतक है। वहीं आईपीएल 2026 में भी उनका बल्ला लगातार चल रहा है। 7 मैचों में 254 रन बनाते हुए उनका स्ट्राइक रेट 220 से ज्यादा है और वह 2 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं।
भविष्य का सुपरस्टार तैयार
कम उम्र में इतना बड़ा प्रदर्शन यह दिखाता है कि वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट का भविष्य हैं। जिस तरह से वह हर मैच में छक्कों की बारिश कर रहे हैं, उससे साफ है कि आने वाले समय में वह कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।