जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर ऐसा प्रदर्शन किया जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 10 लंबे छक्के और 7 चौके निकले। उनकी इस पारी के दम पर राजस्थान ने 221 रन का बड़ा लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया।
वैभव की चर्चा हर तरफ
इस तूफानी पारी के बाद वैभव सूर्यवंशी की चर्चा सिर्फ क्रिकेट मैदान तक सीमित नहीं रही। सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट जगत तक हर जगह उनके शॉट्स और बेखौफ अंदाज की बात होने लगी। लेकिन मैच खत्म होने के बाद उन्होंने जो किया उसने लोगों का ध्यान एक अलग वजह से अपनी तरफ खींच लिया। इस बार बात उनके खेल की नहीं बल्कि उनके संस्कारों की होने लगी।
संजीव गोयनका मिलने पहुंचे
मुकाबला खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी और अधिकारी एक-दूसरे से मुलाकात कर रहे थे। इसी दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका खुद वैभव सूर्यवंशी से मिलने पहुंचे। उन्होंने युवा बल्लेबाज की पारी की जमकर तारीफ की और कुछ देर बातचीत भी की। इसी बीच वहां संजीव गोयनका की पत्नी भी पहुंच गईं और फिर एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने सबका दिल जीत लिया।
वैभव ने छू लिए पैर
जैसे ही संजीव गोयनका अपनी पत्नी का परिचय कराने लगे वैसे ही वैभव ने बिना देर किए हाथ जोड़कर नमस्ते किया और सम्मान जताते हुए झुककर उनके पैर छू लिए। इस पल ने वहां मौजूद लोगों को काफी प्रभावित किया। क्रिकेट के बड़े मंच पर चमक रहे इस युवा खिलाड़ी ने दिखा दिया कि सफलता के साथ संस्कार भी कितने जरूरी होते हैं।
मैदान से बाहर भी जीत लिया दिल
वैभव का यह अंदाज सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा में आ गया। लोगों ने कहा कि आज के दौर में जहां खिलाड़ी सिर्फ प्रदर्शन से पहचाने जाते हैं वहां वैभव ने अपने व्यवहार से अलग पहचान बनाई है। कम उम्र में मिली लोकप्रियता के बावजूद उनका यह सादगी भरा रूप लोगों को बेहद पसंद आ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Vaibhav के विस्फोट से बदली तस्वीर, पॉइंट्स टेबल में आया बड़ा उलटफेर, पढ़िए
राजस्थान की प्लेऑफ उम्मीदें जिंदा
राजस्थान रॉयल्स ने इस जीत के साथ प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत कर लिया है। टीम ने 19.1 ओवर में 225 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। ध्रुव जुरेल ने नाबाद 53 रन और यशस्वी जायसवाल ने 43 रन का योगदान दिया। लेकिन इस जीत के सबसे बड़े हीरो वैभव सूर्यवंशी ही रहे, जिन्होंने बल्ले से मैच जीता और अपने व्यवहार से करोड़ों दिल।