अंडर-19 एशिया कप की शुरुआत 12 दिसंबर से हो रही है और भारत का पहला मुकाबला मेजबान UAE से है। इस मैच में सबसे ज्यादा उम्मीदें भारत के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी से होंगी, जिन्होंने इस साल बल्ले से लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। खास बात यह है कि UAE के खिलाफ वैभव का यह दूसरा वनडे होगा। पिछले एशिया कप में जब उन्होंने UAE के खिलाफ ओपनिंग की थी, तब उनकी तूफानी पारी की वजह से भारत ने 10 विकेट से एकतरफा जीत हासिल की थी। उस मैच ने वैभव को अगले स्टार की लिस्ट में खड़ा कर दिया था।
UAE के खिलाफ मचाया था कोहराम
पिछले एशिया कप की बात करें तो UAE टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने 137 रन पर ही ढेर हो गई थी। लक्ष्य आसान था, लेकिन उसे आसान से भी ज्यादा वैभव और आयुष म्हात्रे ने बना दिया। दोनों ने UAE के गेंदबाजों पर ऐसा हमला बोला कि मैच 50 ओवर में नहीं, सिर्फ 17वें ओवर में ही खत्म कर दिया गया था। दोनों छोर से लगने वाले चौके-छक्कों ने UAE को मैच से बाहर ही कर दिया। दोनों की साझेदारी ने भारतीय टीम को शुरुआती मुकाबले में जबरदस्त आत्मविश्वास दिया था।
वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी
उस मैच में वैभव पूरी तरह अलग ही लय में दिखाई दिए थे। उन्होंने 165 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 46 गेंदों में नाबाद 76 रन जड़ दिए थे, जिसमें 6 शानदार छक्के और 3 चौके शामिल थे। दूसरे छोर पर आयुष भी पीछे नहीं रहे और 67 रन की तेज पारी खेली। दोनों की मिलकर बनाई 143 रनों की साझेदारी में कुल 17 चौके-छक्के शामिल थे। UAE की गेंदबाजी उस दिन वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने पूरी तरह बिखर गई थी।
इसे भी पढ़ें : गंगा पर उतरी हाई-टेक Hydrogen Boat, काशी से शुरू हुआ नया सफर, क्या यही है भारत के भविष्य की दिशा, पढ़ें
क्या फिर दोहराएंगे वैभव वही कारनामा?
इस बार भी मंच तैयार है। एशिया कप की रौशनी, युवा प्रतिभाओं की टक्कर और भारत की उम्मीदें फिर वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हैं। उनकी बल्लेबाजी का अंदाज ऐसा है कि शुरुआत में ही तय हो जाता है कि मैच किस दिशा में जाएगा। UAE के खिलाफ पुराना रिकॉर्ड उन्हें अतिरिक्त आत्मविश्वास देगा और विपक्षी टीम पर मनोवैज्ञानिक दबाव भी रहेगा। भारतीय फैंस की उम्मीद है कि वैभव एक बार फिर अपने दमदार शॉट्स से UAE की गेंदबाजी की ईंट से ईंट बजा देंगे और भारत को जीत की शानदार शुरुआत दिलाएंगे।