आईपीएल 2026 का फाइनल भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया, लेकिन पुरस्कार समारोह में सबसे ज्यादा चर्चा राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की रही। महज 15 साल की उम्र में वैभव ने पूरे टूर्नामेंट में ऐसा प्रदर्शन किया कि एक के बाद एक बड़े सम्मान उनके नाम होते चले गए। फाइनल के बाद जब अवॉर्ड्स की घोषणा हुई तो मंच पर सबसे ज्यादा बार वैभव का नाम सुनाई दिया।
पांच बड़े अवॉर्ड किए अपने नाम
इस सीजन वैभव सूर्यवंशी ने कुल पांच बड़े पुरस्कार जीते। उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल की। इसके अलावा उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर ऑफ द सीजन चुना गया। उभरते खिलाड़ी का सम्मान भी उनके नाम रहा। सबसे ज्यादा छक्के लगाने के लिए सुपर सिक्स अवॉर्ड मिला और सबसे तेज स्ट्राइक रेट के लिए सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन का सम्मान भी उन्होंने जीता। इतने सारे सम्मान जीतकर वैभव पूरे सीजन के सबसे बड़े आकर्षण बन गए।
नकद इनाम से हुए मालामाल
अवॉर्ड्स के साथ वैभव पर पैसों की भी जमकर बारिश हुई। ऑरेंज कैप के लिए उन्हें 10 लाख रुपये मिले। उभरते खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए 10 लाख रुपये दिए गए। सबसे ज्यादा छक्के लगाने पर भी 10 लाख रुपये की इनामी राशि मिली। वहीं मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर बनने पर उन्हें 15 लाख रुपये मिले। इस तरह नकद इनाम के रूप में वैभव ने कुल 45 लाख रुपये अपने नाम किए।
कार भी मिली, बढ़ी खुशी
नकद इनाम के अलावा वैभव को सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन का पुरस्कार भी मिला। इस सम्मान के तहत उन्हें एक नई टाटा सिएरा कार दी गई। 237.31 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने यह अवॉर्ड जीता। कार मिलने के बाद वैभव की खुशी देखने लायक थी और यह पल सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ।
776 रन बनाकर रचा इतिहास
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 16 मैचों की 16 पारियों में 776 रन बनाए। उनका औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 237.31 रहा। पूरे सीजन में उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए। यही नहीं, वह सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीतने वाले खिलाड़ी भी बन गए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने कई बार विरोधी टीमों की रणनीति को पूरी तरह बदल दिया।
इसे भी पढ़ें : फ्लाइंग किस से ट्रॉफी तक... Virat की जीत पर झूमीं Anushka, मैदान में दिखा प्यार और जश्न का खूबसूरत नजारा
बिहार के लाल ने जीता सबका दिल
राजस्थान रॉयल्स खिताब नहीं जीत सकी, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने अपने प्रदर्शन से पूरे क्रिकेट जगत का दिल जीत लिया। 45 लाख रुपये की पुरस्कार राशि, एक नई कार, पांच बड़े अवॉर्ड और 776 रन का शानदार रिकॉर्ड यह साबित करता है कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य का एक नया सुपरस्टार मिल चुका है। अब फैंस को अगले सीजन में उनसे और बड़े कारनामों की उम्मीद है।