
कोई भी फील्ड क्यों ना हो अपना नाम बनाने और लोगों के दिलों में राज करने में वक्त लग ही जाता है. मगर 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने काफी कम समय में अपने दमदार प्रदर्शन से अपना सिक्का बुलंद कर लिया है. वैभव का आईपीएल से शुरू हुआ सफर अब भारत की अंडर 19 तक पहुंच चुका है. इतनी कम उम्र में वैभव ने रिकॉर्डों का जो अंबार खड़ा किया है उसमें समय के साथ इजाफा होता जा रहा है. यहीं नहीं उनके नाम पर ऐसे रिकॉर्ड कायम हो गए हैं जिनका टूटना ना के बराबर है. वहीं कई लोगों ने तो यहां तक मान लिया है कि जल्द ही वैभव भारतीय टीम की तरफ से भी अपनी दमदार पारी खेलते हुए नजर आने वाले हैं.
आईपीएल डेब्यू मैच में पहली गेंद पर ही जड़ा था छक्का
IPL में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलकर वैभव ने अपना डेब्यू किया था. वैभव ने अपने आईपीएल डेब्यू मैच में शार्दुल ठाकुर की पहली ही गेंद पर ही छक्का जड़कर तहलका मचाकर रख दिया था. वैभव ने अपने पहले IPL मैच में 20 गेंदों में 34 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी. आईपीएल 2025 की नीलामी के दौरान 13 साल की उम्र में वे आईपीएल में अनुबंध पाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए थे. आईपीएल के लिए राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था.
तिहरा शतक भी लगा चुके हैं
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ चार दिवसीय मैच में खेलते हुए 58 गेंदों में शतक जड़ने का कमाल करने का खिताब भी वैभव के नाम पर दर्ज है. साल 2024 में एसीसी अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पहुंचने वाली टीम का भी वैभव हिस्सा बने थे, जहां पर उन्होंने 44 की औसत से 176 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी. वैभव के नाम पर बिहार में आयोजित अंडर-19 प्रतियोगिता, रणधीर वर्मा टूर्नामेंट में नाबाद 332 रनों की तिहरा शतकीय लगाने की पारी भी दर्ज है.
वैभव के ये पांच रिकॉर्ड जिसका टूटना नामुमकिन
यूथ टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलियाई धरती पर सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड वैभव के नाम पर दर्ज है. जहां वैभव ने 78 गेंदों पर शतक ठोक इतिहास रच दिया था.
वैभव के नाम पर यूथ टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्का लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है. वैभव ने अबतक यूथ टेस्ट इतिहास में कुल 15 छक्के लगाए हैं.
अंडर 19 टेस्ट पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज का भी खिताब वैभव के नाम पर दर्ज हैं. ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम के खिलाफ मैच में वैभव ने एक पारी में 8 छक्के लगाए थे.
वैभव सूर्यवंशी, ब्रेंडन मैकुलम के बाद यूथ टेस्ट इतिहास में 100 से कम गेंदों में दो बार शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं.
इसके अलावा वैभव के नाम पर यूथ वनडे में सबसे ज्यादा छक्का लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है. यूथ वनडे में अबतक कुल 10 पारियों में 41 छक्के वैभव ने लगाए हैं. वहीं इससे पहले यह रिकॉर्ड उन्मुक्त चंद के नाम पर दर्ज था. यूथ वनडे में उन्मुक्त ने 21 पारियों में कुल 38 छ्क्के लगाए थे.
इसे भी पढ़ें : CJI के सामने वकील ने उतारा जूता, फिर जो हुआ हैरान कर देगा पल, पढ़ें एक क्लिक में
IPL 2025 में बनाए गए वैभव के ये 5 रिकॉर्ड
IPL इतिहास में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं. गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक जड़ने का कमाल वैभव ने कर दिखाया था.
IPL में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी वैभव सूर्यवंशी ही हैं. वैभव ने केवल 35 गेंद पर शतक जड़ने का कमाल किया था.
इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी 20 साल की उम्र से पहले एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. उन्होंने 2025 सीजन में कुल 24 छक्के लगाए थे.
एक टी-20 पारी के दौरान 14 साल के वैभव 40 रन केवल बाउंड्रीज से बनाने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के बल्लेबाज हैं.
यही नहीं वैभव एक पारी में सबसे ज्यादा छक्का लगाने वाले अनकैप्ड बैटर हैं. ऐसा कर उन्होंने ईशान किशन के 9 छक्के वाला रिकॉर्ड भी तोड़ दिया था.