गुवाहाटी में जब राजस्थान और मुंबई आमने-सामने आए तो मुकाबला टीमों के बीच कम और एक युवा बल्लेबाज और दिग्गज गेंदबाज के बीच ज्यादा बन गया। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह जैसे बड़े नाम के खिलाफ जो खेल दिखाया, उसने सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने बुमराह की गेंदों पर आक्रामक अंदाज में रन बटोरे और साफ कर दिया कि वो किसी भी गेंदबाज से डरने वाले नहीं हैं।
अब नया टारगेट हुआ लॉक
बुमराह के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी ने अब अपना अगला लक्ष्य भी तय कर लिया है। उनका अगला मुकाबला आरसीबी के खिलाफ है, जहां वह पांच अलग-अलग गेंदबाजों को निशाना बनाएंगे। इस सूची में भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पंड्या, जैकब डफी, अभिनंदन सिंह और सुयश शर्मा शामिल हैं। यह मुकाबला फिर से गुवाहाटी में ही खेला जाएगा, जहां वैभव पहले ही अपने बल्ले का जलवा दिखा चुके हैं।
भुवी से हिसाब बराबर करने का मौका
पिछले सीजन की यादें भी इस मुकाबले को और दिलचस्प बना रही हैं। जब पहली बार वैभव का सामना भुवनेश्वर कुमार से हुआ था, तब उन्हें बड़ा स्कोर बनाने से पहले ही आउट कर दिया गया था। अब आईपीएल 2026 में वैभव के पास मौका है उसी का बदला लेने का। गुवाहाटी की पिच पर वह भुवी की गेंदों पर बड़ा प्रहार कर खुद को और साबित करना चाहेंगे।
कोच ने बताया असली खतरा
वैभव के कोच मनीष ओझा का मानना है कि भुवनेश्वर कुमार वैभव के लिए आसान चुनौती नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि अगर भुवी को स्विंग मिली तो वह बुमराह से भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकते हैं। लेकिन अगर स्विंग नहीं मिली, तो वैभव उन्हें भी नहीं छोड़ेंगे। यही कारण है कि यह मुकाबला सिर्फ बल्लेबाजी नहीं बल्कि रणनीति की भी परीक्षा बनने वाला है।
इसे भी पढ़ें : Bengal में गरजी ‘लेडी योगी’ की हुंकार, सियासत में मचा बवाल, दीदी पर सीधा वार, बोली ये बड़ी बात !
आरसीबी के गेंदबाजों की परीक्षा
आरसीबी के गेंदबाज इस समय अच्छी फॉर्म में हैं। जैकब डफी विकेट लेने की दौड़ में आगे हैं, जबकि भुवनेश्वर कुमार भी लगातार प्रभाव डाल रहे हैं। अभिनंदन सिंह, सुयश शर्मा और क्रुणाल पंड्या ने भी अपनी-अपनी भूमिका निभाई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन सा गेंदबाज इस युवा बल्लेबाज को रोक पाता है।
क्या फिर दिखेगा वही तूफान
अब सभी की नजर इस मुकाबले पर टिकी है कि क्या वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर उसी अंदाज में खेल दिखा पाएंगे या नहीं। जिस तरह उन्होंने बुमराह के खिलाफ आत्मविश्वास दिखाया, उसने उन्हें चर्चा का केंद्र बना दिया है। अगर वह आरसीबी के खिलाफ भी ऐसा ही प्रदर्शन करते हैं, तो यह साफ हो जाएगा कि एक नया सितारा क्रिकेट की दुनिया में तेजी से उभर रहा है।