वलीमे की दावत में स्टार हेरिटेज बैंक्वेट हॉल में ताबड़तोड़ फायरिंग कर तीन लोगों को घायल करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई, जिसमें 25-25 हजारी दो इनामी समेत तीन बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। घायल दो इनामी बदमाश सगे भाई है और नशे के कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर आरोपियों ने दूसरे पक्ष पर बैंक्वेट हाल में घुसकर हमला किया था। अभी इस घटना में दो आरोपी फरार हैं।
धरपकड़ के लिए अभियान चलाया
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया, 12 मई की रात को लोहिया नगर थाना क्षेत्र में स्थित स्टार हेरीटेज बैंक्विट हॉल घुसकर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें इरफान, राजा और उनका मासूम बेटा हम्माद गोली लगने से घायल हुए थे। लिसाड़ी गेट की पीर वाली गली बुनकर नगर निवासी इस्लाम ने जुनैद उर्फ काला, सुहेल, उदेश पुत्रगण जाहिद और जाहिद निवासीगण अहमद नगर थाना लिसाड़ी गेट के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। तभी से आरोपियों को पकड़ने के लिए लोहिया नगर और स्वाट टीम लगी थी। एसपी सिटी ने बताया, एसएसपी अविनाश पांडेय के आदेश पर शुक्रवार आधी रात के बाद वांछित बदमाशों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया गया था।
अलर्ट कर चेकिंग चलाने के आदेश
इसी दौरान सीओ कोतवाली अभिषेक पटेल के नेतृत्व में लोहिया नगर थाना प्रभारी सुमित तोमर स्वाट टीम के साथ बजोट गांव अंडरपास में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। रात करीब तीन बजे पुलिस ने एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों को संदेह के आधार पर रोकने का प्रयास किया तो पुलिस को देखकर बाइक सवार बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। जिसमें हेड कांस्टेबल मोहित कुमार बदमाशों की गोली लगने से घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि तीसरा बदमाश पुलिस को गच्चा देकर भाग गया। फरार बदमाश को पकड़ने के लिए आसपास के थानों की पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से अलर्ट कर चेकिंग चलाने के आदेश दिए गए थे।
तीसरे बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया
इसी दौरान परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला टीम के साथ फरार बदमाश की तलाश में निकल पड़े और एक घंटे के अंदर परतापुर थाना पुलिस ने भी तीसरे बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया, जो पैर में गोली लगने से घायल हो गया। एसपी सिटी ने घायल बदमाशों के नाम जुनैद उर्फ काला, सुहेल और हारिस निवासी हलवाई वाली गली, रसीद नगर थाना लिसाड़ी गेट बताया है। जुनैद और सुहेल सगे भाई हैं और दोनों पर एसएसपी ने 25-25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। आरोपियों से 32 बोर की एक पिस्टल, 315 बोर के दो तमंचे और बिना नंबर की एक बाइक बरामद की गई है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम दबिश दे रही है।