बंगाल चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत को जोड़ने वाली एक अहम रेल परियोजना का ऐलान किया है। भारतीय रेलवे देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को गुवाहाटी और कोलकाता के बीच शुरू करने जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इस सेमी हाई स्पीड स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन खासतौर पर लंबी दूरी और रात की यात्रा करने वाले यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इससे पूर्वोत्तर राज्यों की कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
रफ्तार और डिजाइन में नया मानक
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की डिजाइन स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है, जबकि व्यावसायिक संचालन 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से किया जाएगा। ट्रायल रन के दौरान ट्रेन ने 180 किलोमीटर प्रति घंटा की गति हासिल कर ली है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्थिरता परीक्षण में पानी से भरे गिलास भी बिना छलके संतुलित रहे, जिससे ट्रेन की मजबूती और संतुलन साफ झलकता है। पूरी तरह एयर कंडीशन्ड इस ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे और एक ही ट्रेन में 823 यात्री सफर कर सकेंगे।
किराया कम, सफर ज्यादा आरामदायक
भारतीय रेलवे का दावा है कि गुवाहाटी से हावड़ा के बीच इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया हवाई यात्रा की तुलना में काफी किफायती होगा। एसी थ्री टियर का अनुमानित किराया करीब 2300 रुपये, एसी टू टियर का 3000 रुपये और एसी फर्स्ट क्लास का किराया लगभग 3600 रुपये रखा गया है। ट्रेन में कुल 11 एसी थ्री टियर, 4 एसी टू टियर और 1 एसी फर्स्ट क्लास कोच होंगे। यह व्यवस्था उन यात्रियों के लिए राहत मानी जा रही है जो कम खर्च में तेज और सुरक्षित यात्रा चाहते हैं।
इसे भी पढ़ें : December में UPI ने रचा इतिहास, 21 अरब से ज्यादा ट्रांजैक्शन, क्या डिजिटल भुगतान में भारत ने छू लिया नया मुकाम
सुविधाएं सुरक्षा और स्थानीय स्वाद
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यूरोपियन डिजाइन स्टैंडर्ड पर आधारित कोच लगाए गए हैं। इनमें आरामदायक गद्देदार बर्थ, बेहतर अपर बर्थ एक्सेस और रात के समय सॉफ्ट लाइटिंग की सुविधा मिलेगी। हर कोच में सीसीटीवी कैमरे, विजुअल इंफॉर्मेशन डिस्प्ले, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और मॉड्यूलर पेंट्री यूनिट होगी। स्वच्छता के लिए एडवांस्ड बायो वैक्यूम टॉयलेट, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष शौचालय और बेबी केयर एरिया भी दिए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से स्वदेशी कवच एंटी कोलिजन सिस्टम लगाया गया है। रेल मंत्री ने बताया कि गुवाहाटी से चलने वाली ट्रेन में असमिया व्यंजन और कोलकाता से चलने वाली ट्रेन में बंगाली भोजन परोसा जाएगा।