लंबे इंतजार के बाद भारतीय रेलवे देश की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने जा रहा है। यह प्रीमियम ट्रेन 17 जनवरी से हावड़ा से कामाख्या के बीच दौड़ेगी। करीब 958 किलोमीटर लंबे इस रूट पर चलने वाली यह ट्रेन खास तौर पर उन यात्रियों के लिए है, जो लंबी दूरी का सफर तेज, आरामदायक और आधुनिक सुविधाओं के साथ करना चाहते हैं। स्लीपर वंदे भारत पूर्वोत्तर भारत के लिए एक बड़ा तोहफा मानी जा रही है।
कौन-कौन से कोच होंगे शामिल
रेलवे ने साफ किया है कि इस स्लीपर वंदे भारत में थर्ड एसी, सेकंड एसी और फर्स्ट एसी कोच होंगे। यानी यात्री अपनी सुविधा और बजट के हिसाब से श्रेणी चुन सकेंगे। यह ट्रेन पूरी तरह प्रीमियम कैटेगरी में रखी गई है, जिसमें सफर के दौरान बेहतर बेडिंग, आधुनिक इंटीरियर और तेज रफ्तार का अनुभव मिलेगा।
थर्ड और सेकंड एसी का किराया
थर्ड एसी में हावड़ा से कामाख्या तक का किराया 2299 रुपये तय किया गया है। हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 1334 रुपये और हावड़ा से मालदा टाउन के लिए 960 रुपये देने होंगे। वहीं सेकंड एसी में हावड़ा से कामाख्या का किराया 2970 रुपये रखा गया है। इसी श्रेणी में न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 1724 रुपये और मालदा टाउन के लिए 1240 रुपये चुकाने होंगे।
ये भी पढ़ें : भारत पर 75% टैरिफ का खतरा? ईरान से व्यापार पर ट्रंप का बड़ा वार, बढ़ी इंडिया-US टेंशन
फर्स्ट एसी का पूरा हिसाब
फर्स्ट एसी में सफर करने वालों को हावड़ा से कामाख्या तक 3640 रुपये देने होंगे। न्यू जलपाईगुड़ी के लिए यह किराया 2113 रुपये और मालदा टाउन के लिए 1520 रुपये तय किया गया है। वापसी यात्रा में भी किराया निर्धारित है। कामाख्या से मालदा टाउन तक थर्ड एसी में 1522 रुपये, सेकंड एसी में 1965 रुपये और फर्स्ट एसी में 2409 रुपये किराया होगा। वहीं कामाख्या से न्यू जलपाईगुड़ी तक थर्ड एसी में 962 रुपये, सेकंड एसी में 1243 रुपये और फर्स्ट एसी में 1524 रुपये तय किया गया है।
जीएसटी और न्यूनतम दूरी का नियम
यात्रियों को इन किरायों के अलावा 5 प्रतिशत जीएसटी भी देना होगा। रेलवे ने यह भी साफ किया है कि स्लीपर वंदे भारत में न्यूनतम यात्रा दूरी 400 किलोमीटर तय की गई है। यानी इससे कम दूरी के लिए इस ट्रेन में टिकट नहीं मिलेगा। दूरी बढ़ने के साथ किराया भी उसी हिसाब से बढ़ेगा।
आरएसी नहीं, सिर्फ कन्फर्म टिकट
सूत्रों के अनुसार, इस ट्रेन में आरएसी की सुविधा नहीं होगी। यानी यात्री केवल कन्फर्म टिकट पर ही सफर कर पाएंगे। कुल मिलाकर, स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस पूर्वोत्तर भारत को जोड़ने वाली एक बड़ी और आधुनिक रेल सेवा बनने जा रही है, जो तेज रफ्तार और आराम का नया अनुभव देगी।