
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एशिया कप 2025 रोमांचक तो है ही, साथ ही एक बड़ी खुशखबरी भी लेकर आया है। टीम इंडिया के रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती दुनिया के नंबर 1 टी20 गेंदबाज बन गए हैं। ये उपलब्धि हासिल करने वाले वो सिर्फ तीसरे भारतीय गेंदबाज हैं। उनसे पहले जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई ही इस मुकाम तक पहुंचे थे।
जैकब डफी को पछाड़ा, छाए वरुण
नवीनतम रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती ने न्यूजीलैंड के जैकब डफी को पछाड़ दिया है। अब उनके पास 733 रेटिंग प्वाइंट्स हैं, जबकि डफी 717 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए। इस सूची में भारत के रवि बिश्नोई भी टॉप 10 में शामिल हैं और वो 8वें नंबर पर हैं। वहीं ऑलराउंडर अक्षर पटेल 12वें स्थान पर हैं।
तमिलनाडु के लिए गर्व का पल
34 साल के वरुण चक्रवर्ती तमिलनाडु के पहले खिलाड़ी हैं, जो किसी भी इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर 1 बने हैं। उनका सफर बेहद प्रेरणादायक है। 2021 में उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था और अब तक सिर्फ 20 मैच खेलकर ही इतिहास रच दिया है। इन मुकाबलों में उन्होंने 35 विकेट झटके हैं। खास बात यह है कि उनका इकॉनमी रेट सिर्फ 6.83 रहा है। वरुण दो बार टी20 में पांच विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं।
इसे भी पढ़ें : Facebook वाली दोस्ती बनी मौत का सौदा, शादी के दबाव में प्रेमी शिक्षक ने आंगनबाड़ी सुपरवाइजर की कर दी हत्या, एक्सीडेंट का रचा ड्रामा
एशिया कप में तुरुप का इक्का
एशिया कप में वरुण चक्रवर्ती टीम इंडिया के लिए तुरुप का पत्ता साबित हो रहे हैं। हालांकि उन्होंने अब तक 2 मैचों में 2 विकेट लिए हैं, लेकिन उनकी गेंदबाजी बेहद किफायती रही है। उनकी खासियत यह है कि वे पावरप्ले से लेकर डेथ ओवर्स तक गेंदबाजी करने में सक्षम हैं। दुबई और अबू धाबी की स्पिन-फ्रेंडली पिचों पर उनकी गेंदबाजी विपक्षी टीमों के लिए सिरदर्द बन सकती है।
कुलदीप-वरुण की जोड़ी का जादू
टीम इंडिया को इस समय कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे स्पिनर्स का डबल फायदा मिल रहा है। कुलदीप ने एशिया कप के पिछले दो मुकाबलों में 7 विकेट झटके हैं। पाकिस्तान के खिलाफ 3 और यूएई के खिलाफ 4 विकेट लेकर उन्होंने दबदबा बनाया। अब वरुण के नंबर 1 बनने से टीम का आत्मविश्वास और बढ़ गया है।
आगे क्या दिखाएंगे वरुण का जादू?
एशिया कप के नॉकआउट मुकाबले सामने हैं और क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब वरुण चक्रवर्ती पर टिकी होंगी। उनकी रहस्यमयी गेंदबाजी और शांत स्वभाव टीम इंडिया के लिए किसी हथियार से कम नहीं है। ऐसे में ये देखना बेहद दिलचस्प होगा कि क्या वो भारत को एशिया कप का खिताब दिलाने में अपनी अहम भूमिका निभा पाएंगे।