दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप ने भारी तबाही मचा दी है। राजधानी काराकास समेत कई शहरों में इमारतें ढह गईं, सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। शुरुआती आधिकारिक जानकारी के अनुसार अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 700 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हालांकि अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या कई हजार तक पहुंच सकती है। हालात को देखते हुए देश में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।
कम गहराई वाला भूकंप बना तबाही की वजह
विशेषज्ञों के अनुसार भूकंप की सबसे बड़ी वजह इसकी बेहद कम गहराई रही। यह झटका जमीन की सतह से लगभग 10 से 13 किलोमीटर की गहराई पर आया, जिससे कंपन का असर बेहद तीव्र रहा। राजधानी काराकास, ला गुएरा और अन्य इलाकों में कई इमारतें ढह गईं। प्रशासन ने लोगों को क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने और आफ्टरशॉक की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
बचाव अभियान तेज, गैस सप्लाई अस्थायी रूप से बंद
वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने बताया कि कई शहरों में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गैस आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है ताकि किसी और हादसे से बचा जा सके। राष्ट्रीय, राज्य और स्थानीय एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों से भी तुरंत अस्पतालों और आपातकालीन सेवाओं में लौटने की अपील की गई है ताकि घायलों का इलाज तेजी से किया जा सके।
ये भी पढ़ें : Venezuela Earthquake: 45 सेकंड में आए दो शक्तिशाली भूकंप, राजधानी कराकस में मची तबाही, कई इमारतें ढहीं
दुनिया ने बढ़ाया मदद का हाथ
भूकंप के बाद अमेरिका ने वेनेजुएला के लिए सर्च एंड रेस्क्यू टीम, चिकित्सा सहायता और मानवीय राहत सामग्री भेजने का ऐलान किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा कि अमेरिका हरसंभव मदद के लिए तैयार है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति संवेदना जताई तथा भारत की ओर से हर संभव सहायता देने की बात कही।
सुनामी का खतरा टला, लेकिन आफ्टरशॉक का डर कायम
भूकंप के बाद कैरेबियाई क्षेत्र के लिए जारी सुनामी चेतावनी बाद में वापस ले ली गई, जिससे प्यूर्टो रिको और वर्जिन द्वीप समूह पर मंडरा रहा खतरा टल गया। हालांकि विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आने वाले घंटों और दिनों में तेज आफ्टरशॉक आ सकते हैं। ऐसे में प्रशासन लगातार लोगों से सतर्क रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है।