हाल ही में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद वेनेजुएला एक बार फिर वैश्विक सुर्खियों में आ गया है। इस कार्रवाई में वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद देश की स्थिति पर पूरी दुनिया की नजर है। वेनेजुएला को लेकर एक और बात हमेशा चर्चा में रहती है और वह है यहां मिलने वाला बेहद सस्ता पेट्रोल। दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार रखने वाले इस देश में ईंधन की कीमतें आम लोगों के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं हैं। यहां पेट्रोल इतना सस्ता है कि उसकी तुलना भारत में मिलने वाले Parle-G बिस्कुट से की जाती है।
1 लीटर पेट्रोल सिर्फ 1 से 3 रुपये
वेनेजुएला में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत सिर्फ 0.01 से 0.035 डॉलर के बीच है। भारतीय मुद्रा में देखें तो यह लगभग 1 से 3 रुपये प्रति लीटर बैठती है। अगर किसी आम कार की टंकी 35 से 50 लीटर की है, तो उसे पूरी तरह भरवाने में सिर्फ 50 से 150 रुपये तक का खर्च आता है। यानी जितने पैसों में भारत में कुछ लीटर पेट्रोल मिलता है, उतने में वेनेजुएला में पूरी कार की टंकी भर जाती है। यही वजह है कि इस देश को दुनिया में सबसे सस्ता पेट्रोल देने वाला देश माना जाता है।
ये भी पढ़ें : 5600 रुपये से 420 करोड़ तक का सफर, Shark Tank India 5 की नई जज Kanika Tekriwal की प्रेरक कहानी
दो तरह का ईंधन सिस्टम चलता है
वेनेजुएला में ईंधन की कीमतों को लेकर एक खास व्यवस्था लागू है, जिसे दोहरी ईंधन प्रणाली कहा जाता है। इसमें एक तरफ सरकार की सब्सिडी वाला रेगुलर पेट्रोल होता है, जो बेहद सस्ता मिलता है। दूसरी तरफ प्रीमियम पेट्रोल उपलब्ध है, जो बिना सब्सिडी के अंतरराष्ट्रीय कीमतों के अनुसार बेचा जाता है। प्रीमियम पेट्रोल की कीमत करीब 42 रुपये प्रति लीटर है। अगर कोई ड्राइवर प्रीमियम पेट्रोल चुनता है, तो उसे 50 लीटर की टंकी भरवाने के लिए लगभग 20 से 25 डॉलर खर्च करने पड़ते हैं, जो भारतीय मुद्रा में करीब 1700 से 2100 रुपये के बीच बैठता है।
सबसे बड़ा तेल भंडार, फिर भी कम कमाई
वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा कच्चे तेल का भंडार है। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2023 तक देश के पास करीब 303 बिलियन बैरल तेल मौजूद था। इसके बावजूद वेनेजुएला कच्चे तेल के निर्यात से अपेक्षाकृत कम कमाई कर पाता है। तेल भंडार के मामले में दूसरे स्थान पर सऊदी अरब है, जिसके पास 2023 तक 267.2 बिलियन बैरल तेल दर्ज किया गया। इसके बाद ईरान 208.6 बिलियन बैरल के साथ तीसरे और कनाडा 163.6 बिलियन बैरल के साथ चौथे स्थान पर है। इतनी अपार प्राकृतिक संपदा होने के बावजूद वेनेजुएला की आर्थिक स्थिति दुनिया के सामने एक बड़ा सवाल बनी हुई है।