
Vice President Election 2025: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद देश में नए उपराष्ट्रपति की खोज शुरू हो गई है। पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर के नामों की चर्चा जोरों पर थी, लेकिन अब बीजेपी सूत्रों ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। एनडीए के उम्मीदवार का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा से लौटने के बाद तय होगा। इस बार भी उपराष्ट्रपति पद के लिए बीजेपी अपने विचारधारा से जुड़े चेहरे को आगे लाने की तैयारी में है।
बीजेपी के नाम पर लगे विराम, विचारधारा से जुड़ा होगा चेहरा
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार कोई ऐसा नेता होगा जो पार्टी की विचारधारा से गहराई से जुड़ा हो। नीतीश कुमार या रामनाथ ठाकुर जैसे संभावित नामों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया गया है कि यह एक रणनीतिक फैसला होगा, जो पार्टी की पहचान और दिशा को और मजबूती देगा।
विपक्ष मौन, अब तक नहीं दिया कोई नाम
विपक्ष की तरफ से उपराष्ट्रपति पद के लिए अब तक किसी भी नाम का प्रस्ताव नहीं आया है। गौरतलब है कि अब तक 16 उपराष्ट्रपतियों में से केवल चार का ही चुनाव निर्विरोध हुआ है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि विपक्ष किस चेहरे को सामने लाता है और क्या कोई मुकाबला होता है।
धनखड़ के इस्तीफे ने खोला नया अध्याय
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अचानक इस्तीफा दे दिया। उनका कार्यकाल 2027 तक था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जस्टिस यशवंत वर्मा पर महाभियोग चलाने की विपक्ष समर्थित मांग को स्वीकार करने के बाद वह सरकार से असहमति में आ गए थे, जिससे उनके इस्तीफे की नींव पड़ी।
मोदी की वापसी के बाद होगा नाम का ऐलान
बीजेपी संसदीय बोर्ड उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार का नाम तय करेगा, जिसकी अध्यक्षता खुद प्रधानमंत्री मोदी करते हैं। फिलहाल पीएम मोदी विदेश दौरे पर हैं और उनके लौटते ही उम्मीदवार की घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही यह तय हो जाएगा कि देश का अगला उपराष्ट्रपति कौन होगा।