ग्रेटर नोएडा। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के बिलासपुर कस्बे में एक होटल का शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक कारीगर रोटियां सेंकने से पहले उन पर थूकता है और फिर उन्हें भट्टी में पकाकर ग्राहकों को परोसता है। शनिवार रात को होटल के पास से गुजर रहे एक व्यक्ति ने यह हरकत देखी और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
वीडियो सामने आते ही लोगों में गुस्सा फैल गया। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने होटल संचालक और कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह हरकत न केवल खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है, बल्कि ग्राहकों की सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ भी है। कई लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में कड़े कानून लागू करने और होटलों की नियमित जांच कराने की मांग की है।
दनकौर कोतवाली पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। हालांकि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। होटल की पहचान कर उसके मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी