लखनऊ। प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान ने सोमवार को दो जिलों में ट्रैप की कार्रवाई की। आगरा सेक्टर की टीम ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर विनेश यादव और उनके सहायक लोकेंद्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं, झांसी सेक्टर की टीम ने बांदा में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जेई सलमान को एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
बांदा में तैनात जेई सलमान पर ग्रेनाइट प्लांट संचालक से नोटिस पर कार्रवाई नहीं करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 18 जून 2026 को बिना सर्वे किए उसे व्हाट्सएप पर नोटिस भेजा गया था। इसके बाद क्षेत्रीय अधिकारी माधवी कमलवंशी से मुलाकात के बाद उसे जेई के पास भेजा गया। सलमान ने कार्रवाई रोकने के लिए एक लाख रुपये मांगे और इससे कम रकम लेने से इनकार कर दिया।
शिकायतकर्ता ने विजिलेंस में शिकायत की। गोपनीय जांच में आरोप सही मिलने पर टीम ने सोमवार को उसे रिश्वत लेते पकड़ लिया। उसके खिलाफ बांदा के कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।