विजय हजारे ट्रॉफी की शुरुआत ही ऐतिहासिक हो गई है। टूर्नामेंट के पहले दिन ही शतकों की झड़ी लग गई। प्लेट ग्रुप में बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 36 गेंदों में शतक ठोक दिया। इसी मैच में बिहार के कप्तान सकीबुल गनी ने भी 32 गेंदों में शतक जड़कर नया इतिहास रच दिया। दोनों पारियों ने यह साफ कर दिया कि इस बार विजय हजारे में बल्लेबाज किसी को बख्शने के मूड में नहीं हैं।
ईशान किशन का विस्फोटक शतक
अब इस लिस्ट में एक और नाम जुड़ गया है, और वह नाम है ईशान किशन का। बिहार के रहने वाले लेकिन झारखंड के लिए खेलने वाले ईशान किशन ने सिर्फ 33 गेंदों में शतक जड़ दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने यह कारनामा कर्नाटक जैसी मजबूत टीम के खिलाफ किया, जो विजय हजारे ट्रॉफी की डिफेंडिंग चैंपियन भी है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम बी में खेले गए मुकाबले में ईशान छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और आते ही मैच का रुख बदल दिया।
कर्नाटक के गेंदबाजों की धुनाई
ईशान किशन ने 20 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की और 33 गेंदों में शतक तक पहुंच गए। उन्होंने कुल 39 गेंदों पर 125 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके और 14 छक्के निकले। ईशान ने सबसे ज्यादा मार भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके विजयकुमार वैशाक की लगाई, जिनकी 11 गेंदों पर ही 40 रन कूट दिए। इसके अलावा विद्याधर पाटिल के खिलाफ 6 गेंदों में 25 और अभिलाष शेट्टी के खिलाफ 6 गेंदों में 24 रन बनाए।
इसे भी पढ़ें : 32 गेंदों में आसमान फाड़ा, Bihar का नया 'तूफान' निकला बाहर, Vaibhav के बाद इस खिलाड़ी ने ला दिया भूकंप, पढ़ें
कमबैक के बाद बड़ा संदेश
27 साल के ईशान किशन लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे। उन्होंने 2023 में अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था। हाल ही में उनकी भारतीय टीम में वापसी हुई है और उन्हें टी20 विश्व कप 2026 की टीम में शामिल किया गया है। विजय हजारे ट्रॉफी का यह मुकाबला टीम इंडिया में वापसी के बाद उनका पहला मैच था, और उन्होंने शतक जड़कर चयनकर्ताओं को साफ संदेश दे दिया। लिस्ट ए क्रिकेट में यह ईशान किशन का सातवां शतक है, जबकि वनडे क्रिकेट में वह दोहरा शतक भी लगा चुके हैं।