
भारत ने सेमीकंडक्टर तकनीक के क्षेत्र में एक बड़ी छलांग लगाई है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूरी तरह से देश में तैयार किया गया पहला 32-बिट माइक्रोप्रोसेसर "विक्रम" और चार परीक्षण चिप्स भेंट किया। यह खास तोहफा प्रधानमंत्री को दिल्ली में आयोजित Semicon India 2025 सम्मेलन के उद्घाटन के मौके पर दिया गया।
अंतरिक्ष मिशनों के लिए खास
विक्रम 32-बिट प्रोसेसर पूरी तरह से भारत में डिजाइन और विकसित किया गया है। यह प्रोसेसर खासतौर पर अंतरिक्ष में इस्तेमाल होने वाले प्रक्षेपण यानों (लॉन्च व्हीकल्स) के लिए बनाया गया है। इसकी डिजाइन इतनी मजबूत है कि यह अंतरिक्ष की कठिन और कड़ी परिस्थितियों में भी सुचारू रूप से काम कर सकता है। इसे देश के “टोटल मेक-इन-इंडिया” प्रोसेसर के तौर पर जाना जा रहा है।
सम्मेलन में पीएम मोदी का संबोधन
Semicon India 2025 सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत में तकनीक को लेकर उत्साह और विश्वास दोनों तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि जिस रफ्तार से भारत विकास कर रहा है, वह बहुत जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री जितिन प्रसाद के साथ ही दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं।
ये भी पढ़ें : Punjab में हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस पर फायरिंग कर AAP विधायक फरार, तलाश तेज
सेमीकंडक्टर ईकोसिस्टम पर फोकस
ये कॉन्फ्रेंस 2 से 4 सितंबर तक चलेगी। इस दौरान तीन दिनों तक भारत में सेमीकंडक्टर ईकोसिस्टम की प्रगति और भविष्य पर चर्चा होगी। इस सम्मेलन में 48 देशों से आए 2,500 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 50 ग्लोबल लीडर्स और 150 से ज्यादा स्पीकर्स शामिल हैं। अनुमान है कि 20 हजार से ज्यादा लोग इस सम्मेलन में भाग लेंगे।
देश में लग रहे सेमीकंडक्टर प्लांट
भारत अब सिर्फ तकनीक खरीदने वाला नहीं, बल्कि तकनीक बनाने वाला देश बन रहा है। कई कंपनियां जैसे Vervesemi Microelectronics डिफेंस, एयरोस्पेस, इलेक्ट्रिक वाहनों और ऊर्जा क्षेत्र के लिए एडवांस चिप्स बना रही हैं। सरकार ने जून 2023 में गुजरात के साणंद में एक बड़ा सेमीकंडक्टर प्लांट मंजूर किया था। इसके अलावा कुल छह राज्यों—गुजरात, असम, उत्तर प्रदेश, पंजाब, ओडिशा और आंध्र प्रदेश—में 10 बड़े सेमीकंडक्टर कारखाने स्थापित करने की योजना है। इन परियोजनाओं में लगभग 1.60 लाख करोड़ रुपये का निवेश होने जा रहा है।
टेक्नोलॉजी में भारत की मजबूती
विक्रम 32-बिट प्रोसेसर और नए सेमीकंडक्टर प्लांट्स भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। इससे न सिर्फ भारत की टेक्नोलॉजी क्षमता मजबूत होगी बल्कि देश को ग्लोबल सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में एक बड़ी पहचान भी मिलेगी।