लखनऊ, प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में अब विज्ञान शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेगी. योगी सरकार ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को प्रयोग आधारित शिक्षा से जोड़ने के लिए 38 जिलों के 9,356 विद्यालयों में साइंस किट उपलब्ध कराई हैं. इन किटों के जरिए छात्र विज्ञान के सिद्धांतों को प्रयोग और गतिविधियों के माध्यम से समझ सकेंगे.
सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी आधुनिक शिक्षा संसाधन उपलब्ध कराना है। साइंस किटों की आपूर्ति प्रतिष्ठित संस्थान इंडियन इंस्टीटयूट ऑफ टेक्नालॉजी गांधीनगर के माध्यम से कराई गई है। गोंडा में 370, शाहजहांपुर में 366, आगरा में 357, उन्नाव में 338, बुलंदशहर में 314 और अलीगढ़ में 301 किटें भेजी गई हैं। वहीं लखीमपुर खीरी और सीतापुर जैसे जिलों में सबसे अधिक क्रमश: 464 और 469 साइंस किटें पहुंची हैं.
प्रदेश सरकार पहले से मिशन प्रेरणा, निपुण भारत मिशन, स्मार्ट क्लास और स्कूल कायाकल्प जैसे अभियानों पर काम कर रही है. अब विज्ञान शिक्षा को व्यावहारिक बनाने की इस पहल से बच्चों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार क्षमता विकसित होने की उम्मीद जताई जा रही है.