मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना ककरौली क्षेत्र के गांव दरियापुर में ग्रामीण ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव दरियापुर निवासी 30 वर्षीय नितिन ने बुधवार की सुबह कमरे की छत में लगे पंखे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की नजर पड़ते ही उन्होंने शोर मचाया और आनन-फानन में उसे नीचे उतारा। और बेहड़ा सादात स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा ले जाया गया। सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर ककरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी किरण, पुत्र वासू, बेटी भूरी व हिमांशी, माता मुनेश, पिता सतीश तथा भाई विधुर को छोड़ गया है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।