बुलंदशहर, बुलंदशहर में थाना पहासू इलाके के गांव क़सूमी के जंगलों में तेंदुए की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। देर शाम ग्रामीणों को जंगल की ओर तेंदुआ दिखाई दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के पदचिन्हों की जांच शुरू की। वही तेंदुए को पकड़ने के लिए विभाग ने पिंजड़ा भी लगा दिया है.
बता दे कि वन विभाग के अधिकारियों ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है कि इलाके में तेंदुए की आवाजाही है। अधिकारियों का कहना है कि पैरों के निशान और आसपास के जंगलों में पाई गई गतिविधियों से साफ है कि तेंदुआ पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में घूम रहा है। ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना के बाद खुर्जा वन विभाग के सीओ आदित्य सिंह अपनी टीम के साथ देर रात मौके पर पहुंचे। टीम ने जांच-पड़ताल के बाद तेंदुए को सुरक्षित तरीके से काबू करने के लिए जंगल के अंदर एक पिंजरा लगाया है.
तेंदुए की मौजूदगी के बाद गांव क़सूमी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और उन्हें रात में अकेले खेतों या जंगल की तरफ न जाने की भी हिदायत दी गई है। सीओ वन विभाग, खुर्जा आदित्य सिंह, का कहना है कि तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर उसके प्राकृतिक जगह में छोड़ा जाएगा, ताकि किसी भी तरह की जनहानि न हो। “ग्रामीणों द्वारा तेंदुआ देखे जाने की सूचना पर हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पदचिन्हों और अन्य गतिविधियों से इसकी पुष्टि हुई है कि तेंदुआ इसी इलाके में है। हमने पिंजरा लगा दिया है और टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है.
ग्रामीणों से अनुरोध है कि वे सतर्क रहें और किसी भी गतिविधि की तुरंत सूचना दें।” ग्रामीण सुंदर ने बताया कि तेंदुए के देखे जाने से हर घर मे दहशत व्याप्त है। बच्चे स्कूल नही जा रहे और किसान खेतो पर नही जा पा रहे। रोहणी ने बताया कि बच्चो को स्कूल तो दूर की बात है, उन्हें खेलने के लिए बाहर भी नही भेजा जा रहा है। वहीं बताया कि महिलाओं के साथ आदमी भी बाहर निकलने से कतरा रहे हैं.