
VinFast Auto India: वियतनाम की ऑटो कंपनी विनफास्ट अपनी दो नई गाड़ियों को लेकर एंट्री करने के लिए पूरी तरह तैयार है। विनफास्ट के VF 6 और VF 7 SUVs की लॉन्च डेट कन्फर्म हो गई है। कंपनी ने कन्फर्म किया है कि उसकी दो नई एसयूवी के कीमतों का ऐलान 6 सितंबर को होगा। कंपनी का टारगेट है कि साल के आखिर तक 35 डीलरशिप्स खोली जाएं। आइए विस्तार से इसकी डिटेल के बारे में जानते हैं।
गुजरात में खोला पहला शोरूम
विनफास्ट कंपनी ने इस साल की शुरूआत में ऑटो एक्सपो 2025 में अपनी गाड़ियां शोकेस की थी। कंपनी ने करीब एक महीने पहले भारत में अपना पहला शोरूम भी खोला है। यह शोरूम गुजरात के सूरत शहर में खोला गया है। यह शोरूम करीब 3,000 स्क्वायर फीट में फैला हुआ है। कंपनी का दावा है कि यहां ग्राहकों को एक बेहतर उत्पाद अनुभव, आसान गाड़ी खरीद प्रक्रिया और अफ्टर-सेल्स सपोर्ट मिलेगा। इस शोरूम में विनफास्ट की प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी रेंज को दिखाया जाएगा।
21,000 देकर प्री-बुक किया जा सकता
बता दें कि VF 6 और VF 7 SUVs को कंपनी की वेबसाइट पर सिर्फ 21,000 देकर प्री-बुक किया जा सकता है। कंपनी अपने दोनों एसयूवी के कीमत का खुलासा 6 सितंबर को करेगी। विनफास्ट VF 6 में 59.6Kwh बैटरी पैक मिलेगा, तो वहीं VF 7 में बड़ा 70.8 Kwh बैटरी पैक दिया जाएगा। वहीं, इन दोनों एसयूवी के रेंज और परफॉर्मेंस की जानकारी अभी तक कंपनी ने साझा नहीं की है।
तमिलनाडु में बन रहा उत्पादन प्लांट
आपको बता दें कि विनफास्ट इस समय भारत में अपना पहला इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट भी तैयार कर रही है। यह प्लांट तमिलनाडु के तूतीकोरिन में स्थित है और यहां इलेक्ट्रिक गाड़ियों का स्थानीय उत्पादन किया जाएगा। भारत में अपने विस्तार के लिए विनफास्ट ने रोडग्रिड, मायटीवीएस और ग्लोबल एश्योर जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी की है।