Virat Kohli Bollywood Debut :भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली को लेकर एक दिलचस्प चर्चा शुरू हो गई है। सवाल यह है कि क्या क्रिकेट में शानदार करियर के बाद विराट बॉलीवुड की दुनिया में कदम रख सकते हैं? इस चर्चा को हवा तब मिली जब पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने विराट की एक्टिंग क्षमता को लेकर बड़ा बयान दिया। उनके बयान के बाद फैंस के बीच नई उत्सुकता पैदा हो गई है।
द्रविड़ ने इंटरव्यू में खोला राज
बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए एक इंटरव्यू में राहुल द्रविड़ से पूछा गया कि उनकी टीम का कौन सा खिलाड़ी सबसे अच्छा बॉलीवुड अभिनेता बन सकता है। इस सवाल पर पहले उन्होंने पुराने क्रिकेटरों का जिक्र किया, जिन्होंने फिल्मों में हाथ आजमाने की कोशिश की थी। लेकिन जब वर्तमान खिलाड़ियों की बात आई तो द्रविड़ ने विराट कोहली का नाम लिया।
मिमिक्री टैलेंट ने किया प्रभावित
राहुल द्रविड़ ने बताया कि जब विराट टीम में नए खिलाड़ी के रूप में आए थे, तब वह सीनियर खिलाड़ियों और अन्य लोगों की शानदार मिमिक्री किया करते थे। द्रविड़ के मुताबिक विराट लोगों की नकल उतारने में काफी माहिर थे और उनका यह हुनर टीम के भीतर काफी पसंद किया जाता था। यही वजह है कि उन्होंने विराट को अभिनय के लिए उपयुक्त माना।
विज्ञापनों से मिला कैमरे का अनुभव
द्रविड़ ने यह भी कहा कि विराट कोहली ने अपने करियर में बड़ी संख्या में विज्ञापनों में काम किया है। कैमरे के सामने उनकी सहजता और आत्मविश्वास उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है। क्रिकेट के साथ-साथ ब्रांड एंडोर्समेंट की दुनिया में भी विराट का दबदबा रहा है, जिससे उन्हें एक्टिंग का अच्छा अनुभव मिल चुका है।
अनुष्का शर्मा का भी आया जिक्र
इंटरव्यू के दौरान होस्ट ने अनुष्का शर्मा का जिक्र करते हुए कहा कि अगर विराट कभी फिल्मों में आते हैं तो उन्हें घर से ही बेहतरीन मार्गदर्शन मिल सकता है। गौरतलब है कि विराट और अनुष्का की पहली मुलाकात भी एक विज्ञापन शूट के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों की कहानी शादी तक पहुंची और आज वे देश के सबसे चर्चित सेलिब्रिटी कपल्स में शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : पाकिस्तान टीम से बाबर बाहर, आखिर किसे सौंपी गई नई कप्तानी, जानें यहां
फिलहाल क्रिकेट पर ही है पूरा फोकस
हालांकि विराट कोहली ने खुद कभी बॉलीवुड में आने की आधिकारिक इच्छा जाहिर नहीं की है। लेकिन राहुल द्रविड़ और कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा जैसे लोगों के बयान यह जरूर दिखाते हैं कि विराट में अभिनय की क्षमता देखी जाती है। फिलहाल उनका पूरा ध्यान क्रिकेट पर है, लेकिन अगर भविष्य में उन्होंने फिल्मों की दुनिया में कदम रखा तो यह करोड़ों फैंस के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होगा।