Virat Kohli Five Crore Claim : क्रिकेटर विराट कोहली और संत प्रेमानंद महाराज को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज ने विराट कोहली को लेकर नए दावे किए हैं। उन्होंने कहा कि कोहली को पहली बार प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए बुलाने के लिए करोड़ों रुपये दिए गए थे।
क्या दावा किया फलाहारी महाराज ने?
फलाहारी महाराज का दावा है कि पहली बार विराट कोहली के आने पर दो करोड़ रुपये बाबा के सेवादार के खाते से भेजे गए थे, जबकि तीन करोड़ रुपये नकद उनके घर पहुंचाए गए थे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बाद में विराट कोहली प्रेमानंद महाराज के भक्त बन गए और उन्होंने आश्रम को इससे कई गुना अधिक राशि वापस दी।
पहले ही खारिज कर चुकी है कोहली की टीम
फलाहारी महाराज के आरोपों के बाद विराट कोहली की टीम की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आ चुकी है। कोहली के प्रवक्ता ने इन सभी दावों को पूरी तरह झूठा, निराधार और तथ्यहीन बताया था। प्रवक्ता का कहना था कि ऐसे आरोपों का कोई आधार नहीं है।
जांच की मांग पर अड़े फलाहारी महाराज
अपने आरोपों को दोहराते हुए फलाहारी महाराज ने कहा कि ट्रस्ट से जुड़े खातों की जांच करा ली जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने यहां तक कहा कि सीबीआई जांच भी करा ली जाए, जिससे "दूध का दूध और पानी का पानी" हो जाएगा।
प्रेमानंद महाराज विवाद से जुड़ा मामला
यह पूरा विवाद प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी की संदिग्ध मौत के बाद शुरू हुआ। इसी मामले के बीच फलाहारी महाराज ने कई आरोप लगाए, जिनमें विराट कोहली और उनके आश्रम आने को लेकर भी दावे शामिल हैं। इसके बाद यह मुद्दा सोशल मीडिया और धार्मिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया।
इसे भी पढ़ें : 14 विकेट लेकर मचा दिया तहलका, कौन हैं Tanmay Baloda? रोहित यादव की जगह मिले मौके को बनाया यादगार
फिलहाल आरोप बनाम जवाब
फिलहाल मामले में एक तरफ फलाहारी महाराज के दावे हैं तो दूसरी तरफ विराट कोहली की टीम का स्पष्ट खंडन। अब तक इन आरोपों के समर्थन में कोई सार्वजनिक दस्तावेज या आधिकारिक जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। ऐसे में यह मामला आरोप और जवाब के स्तर पर ही बना हुआ है, जबकि जांच की मांग लगातार उठाई जा रही है।