भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे वनडे में विराट कोहली ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें आधुनिक क्रिकेट का बादशाह क्यों कहा जाता है। रायपुर की पिच पर कोहली ने 53वां वनडे शतक जड़ दिया, जिसे उन्होंने 90 गेंदों में पूरा किया। यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनका 7वां शतक है और लगातार दूसरा मैच था जब उन्होंने तीन अंकों की पारी खेली। रोहित शर्मा के 14 पर आउट होने के बाद भारतीय पारी डगमगा रही थी, लेकिन कोहली ने पहले यशस्वी जायसवाल के साथ इनिंग संभाली और फिर रुतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर मैच की दिशा बदल दी।
गेंदबाजों पर पड़ा कोहली का दबाव
रायपुर में कोहली पूरी तरह आत्मविश्वास से भरे नजर आए। उन्होंने छोटी गेंदों पर पुल, बाहर जाती गेंदों पर कवर ड्राइव और खराब लाइन पर बड़े शॉट लगाकर दक्षिण अफ्रीका के हर गेंदबाज को निशाने पर लिया। गायकवाड़ के साथ उनकी शतकीय साझेदारी ने भारतीय स्कोर को मजबूत नींव दी। जैसे-जैसे पारी आगे बढ़ती गई, कोहली और आक्रामक दिखाई दिए। उन्होंने स्टेडियम में बैठे दर्शकों को कई बार उत्साह से भर दिया और एक बार फिर मैच का पूरा कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया।
रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड, सचिन भी पीछे
वनडे क्रिकेट में विराट की निरंतरता आज भी बेजोड़ है। उन्होंने तीन या उससे अधिक लगातार पारियों में 50+ स्कोर बनाने का कारनामा अब तक 13 बार कर दिखाया है यह विश्व में सबसे ज्यादा है। रोहित शर्मा 11 बार ऐसा कर पाए हैं, जबकि सचिन तेंदुलकर ने 10 बार। इतना ही नहीं, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर वाले भारतीय बल्लेबाज भी अब कोहली ही हैं। उनके नाम 26 बार 50+ स्कोर हैं, जिससे उन्होंने सचिन (25) को भी पीछे छोड़ दिया है। द्रविड़, गांगुली और अजहरुद्दीन जैसे दिग्गज भी इस सूची में उनके बाद आते हैं।
इसे भी पढ़ें : पहली गेंद पर छक्का, Kohli का नया धमाका! गंभीर देखते रह गए, Rohit का लिया बदला और बना डाला ये खास रिकॉर्ड
वनडे करियर में कोहली का दबदबा जारी
कोहली ने 2008 में डेब्यू करने के बाद से वनडे क्रिकेट में अभूतपूर्व स्थिरता दिखाई है। 307 मैचों की 295 पारियों में वह अब तक 14,400 से अधिक रन बना चुके हैं। करीब 58 की औसत और 93 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट उनके बल्लेबाजी कौशल को और खास बनाती है। 183 के सर्वोच्च स्कोर के साथ उनके नाम 53 शतक और 75 अर्धशतक दर्ज हैं। वह वनडे क्रिकेट में दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और जिस फॉर्म में वह हैं, जल्दी ही और कई बड़े रिकॉर्ड उनके नाम होने वाले हैं।