बुलंदशहर। थाना खुर्जा नगर कोतवाली पुलिस ने विश्मबर हत्याकांड का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मामूली कहासुनी के बाद विश्मबर की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी और सबूत मिटाने के इरादे से शव को गांव के कुएं में फेंक दिया गया था।
मृतक विश्मबर मूल रूप से हाथरस जनपद का निवासी था और खुर्जा क्षेत्र में एक चक्की पर मजदूरी का काम करता था। पुलिस के अनुसार 28 नवंबर को विश्मबर और मुख्य आरोपी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने गुस्से में आकर डंडे से विश्मबर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात को छिपाने के लिए शव को गांव के कुएं में फेंक दिया और यह दिखाने की कोशिश की कि विश्मबर अचानक लापता हो गया है। हालांकि परिजनों द्वारा गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक मुख्य आरोपी के भाई की चक्की पर काम करता था, जिससे दोनों के बीच पहले से जान-पहचान थी।
लगातार पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गांव मधुपुरा से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना खुर्जा नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
शोबित कुमार, सीओ खुर्जा ने बताया कि
“मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में स्पष्ट हुआ है कि आपसी विवाद के बाद हत्या की गई और शव को कुएं में फेंककर सबूत मिटाने का प्रयास किया गया। आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।”