टीकमगढ़ में केंद्रीय मंत्री के बंगले के पास मिले वोटर आईडी कार्ड, जांच शुरू
राज्य
टीकमगढ़ में केंद्रीय मंत्री के बंगले के पास मिले वोटर आईडी कार्ड, जांच शुरू
लोकसत्य
बुधवार, 20 अगस्त 2025 • 1:40 pm
Share:
Tikamgarh News: मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ शहर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र खटीक के सरकारी बंगले के पास बड़ी संख्या में वोटर आईडी कार्ड पड़े मिले हैं। इनमें से कई कार्ड जले हुए हालत में पाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा और सभी कार्ड जब्त कर लिए। मामले में गड़बड़ी और दुरुपयोग की आशंका जताते हुए कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए हैं।
मंत्री के बंगले के पास मिले 43 वोटर आईडी कार्ड
टीकमगढ़ शहर के सिविल लाइन रोड पर स्थित केंद्रीय मंत्री और सांसद डॉ. वीरेंद्र खटीक के सरकारी आवास के पास 43 वोटर आईडी कार्ड बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ कार्ड आंशिक रूप से जले हुए थे। प्रशासन का मानना है कि इन्हें जलाने की कोशिश की गई थी। इस घटना ने स्थानीय राजनीति और प्रशासन में हलचल मचा दी है।
सांसद प्रतिनिधि ने जताई आशंका
सांसद प्रतिनिधि विवेक चतुर्वेदी ने जिला प्रशासन से इस मामले की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि वोटर आईडी कार्ड का उपयोग सरकारी योजनाओं में लाभ लेने के लिए भी किया जा सकता है। ऐसे में इन कार्ड्स का दुरुपयोग होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल जांच शुरू करने का आदेश दिया है। जानकारी के मुताबिक, प्रशासन को किसी ने सूचना दी थी कि मंत्री के बंगले के पास बड़ी संख्या में वोटर आईडी कार्ड पड़े हुए हैं। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और सभी कार्ड कब्जे में लिए। घटना के समय मंत्री दिल्ली में थे, बंगले पर केवल स्टाफ मौजूद था।
चुनावी माहौल में उठे सवाल
मध्यप्रदेश में इस समय मतदाता सूची को लेकर सियासी घमासान चल रहा है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में वोटर आईडी कार्ड का इस तरह से मिलना, विपक्ष के आरोपों को और हवा देता नजर आ रहा है। फिलहाल जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है।