.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D7088c893-e9c6-4401-9f72-4debee3e77f7&w=3840&q=75)
एलेक्जेंडर क्लब में आज होने वाले चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। क्लब के कुल 1367 सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और मतगणना के बाद उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इस बार चुनाव में परिवर्तन पैनल और टेस्टेड एंड ट्रस्टेड पैनल आमने-सामने हैं। परिवर्तन पैनल से उपाध्यक्ष पद पर जेपी अग्रवाल, सचिव पद पर संजय कुमार और कोषाध्यक्ष पद पर राहुल दास मैदान में हैं। वहीं, टेस्टेड एंड ट्रस्टेड पैनल से उपाध्यक्ष पद पर शुभेंद्र मित्तल, सचिव पद पर अंकुर जग्गी और कोषाध्यक्ष पद पर अजय अग्रवाल चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा दोनों पैनलों से कार्यकारिणी सदस्य भी खड़े किए गए हैं।
आरोप-प्रत्यारोप भी जारी
दोनों पैनलों के प्रत्याशी घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं। चुनावी खर्च को लेकर भी चर्चाएं जोरों पर हैं। मतदाताओं को लुभाने के लिए महंगी शराब और खाने पर लाखों रुपये खर्च किए जाने की चर्चा है। इसी बीच परिवर्तन पैनल ने एडीएम सिटी को पत्र देकर फर्जी वोटिंग रोकने की मांग की है।
सामाजिक संगठन भी हुए सक्रिय
इस बार चुनाव में विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रियता भी दिखाई दे रही है। टेस्टेड एंड ट्रस्टेड पैनल ने गंगानगर में एक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें मतदाताओं को एकजुट होने का संदेश दिया गया। प्रत्याशियों ने वोटरों के सामने अपने प्रस्ताव रखे और अपने पक्ष में मतदान की अपील की।
सख्त निगरानी के बीच होगा मतदान
चुनाव की निगरानी एडीएम सिटी के साथ अपर नगर मजिस्ट्रेट और सीओ सदर कैंट करेंगे। क्लब के अध्यक्ष जिलाधिकारी हैं। मतदान के दौरान सदस्यों को पहचान पत्र लाना अनिवार्य किया गया है। चुनाव अधिकारी डॉ. एसपी देशवाल ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।शनिवार को एलेक्जेंडर में हैंगर वाला पंडाल तैयार किया गया है। जहां पर मतदान प्रकिया की जाएगी।