UP News: उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक खंड विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के प्रचार का बुधवार की शाम को प्रचार थम गया। अब शुक्रवार 23 अक्टूबर को मतदान की तैयारी शुरु हो गयी है। सुबह आठ बजे से अपरान्ह चार बजे तक मतदान करवाया जाएगा। कुल 152 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चुनाव में कुल 14 लाख 81 हजार 310 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। कुल 2, 697 पोलिंग बूथों पर मतदान होगा। 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद नतीजे सामने आएंगे।.
स्नातक खंड की पांच सीटों पर इन जिलों में होगा मतदान
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की पांच सीटें लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी में हैं. लखनऊ सीट में लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव, बाराबंकी, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर शामिल हैं. वाराणसी सीट में वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया आते है।. आगरा सीट में 12 जिले, मेरठ सीट में नौ जिले और इलाहाबाद-झांसी सीट में 10 जिले शामिल हैं. इन क्षेत्रों के पंजीकृत स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
शिक्षक खंड की छह सीटों पर भी कड़ा मुकाबला
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की छह सीटें लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद हैं। लखनऊ और वाराणसी शिक्षक सीटों में क्रमशः नौ और आठ जिले शामिल हैं। आगरा सीट में 12 जिले, मेरठ सीट में नौ जिले और बरेली-मुरादाबाद सीट में नौ जिले आते हैं. वहीं, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे ज्यादा 17 जिले शामिल हैं। इनमें गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, आजमगढ़ और मऊ समेत अन्य जिले शामिल हैं।
स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी
:भाजपा ने पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी उतारे है।. इनमें लखनऊ स्नातक सीट से अवनीश कुमार सिंह, आगरा से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, वाराणसी से केदारनाथ सिंह, मेरठ से दिनेश गोयल और इलाहाबाद-झांसी से अशोक कुमार राठौर शामिल हैं।
शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार
:शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा ने छह निर्वाचन क्षेत्रों से प्रत्याशी घोषित किए हैं। लखनऊ शिक्षक सीट से उमेश द्विवेदी, आगरा से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी, मेरठ से श्रीचंद शर्मा, बरेली-मुरादाबाद से डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, वाराणसी से डॉ. प्रमोद मिश्रा और गोरखपुर-फैजाबाद से ध्रुव त्रिपाठी चुनाव मैदान में हैं।
सपा ने भी उतारे अपने प्रत्याशी
:समाजवादी पार्टी ने भी शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ से सुशील कुमार पटेल, वाराणसी-मिर्जापुर से लाल बिहारी यादव, गोरखपुर-फैजाबाद से डॉ. संजयन त्रिपाठी (पूर्व में कमलेश यादव), मेरठ-गाजियाबाद से डॉ. नितिन कुमार तोमर, आगरा-अलीगढ़ से डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता और बरेली-मुरादाबाद से हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर चुनाव लड़ रहे हैं।
स्नातक सीटों पर सपा के उम्मीदवार:स्नातक
एमएलसी सीटों पर सपा ने लखनऊ से कांति सिंह, वाराणसी-मिर्जापुर से आशुतोष सिन्हा, इलाहाबाद-झांसी से डॉ. मान सिंह यादव, मेरठ-सहारनपुर से प्रमेंद्र भाटी और आगरा से डॉ. आकाश अग्रवाल (पूर्व में शशांक यादव) को प्रत्याशी बनाया है।
इस तरह स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा और सपा के प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के लिए मैदान में हैं। अब मतदाताओं के वोट से तय होगा कि विधान परिषद में इन निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कौन करेगा।