UP News: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक व स्नातक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र की रिक्त होने वाली 11 सीटों के चुनाव के लिए मतदान जारी है। पूर्वान्ह 11 बजे तक इन सभी 11 सीटों पर नौ प्रतिशत मतदान हो चुका था। सबसे ज्यादा मतदान फैजाबाद-गोरखपुर स्नातक सीट पर 14 प्रतिशत हुआ।
सपा और भाजपा के कार्यकर्ता भिड़े
मुजफ्फरनगर में वोटिंग के दौरान सपा और भाजपा के कार्यकर्ता भिड़ गए। शहर के डीएवी इंटर कॉलेज में मतदान बूथ पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगाकर सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। सपाइयों की राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल से तीखी बहस हो गई। सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा व सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया। सपाइयों का आरोप है कि मंत्री कपिल देव खुद अपना वोट डालने के दौरान अपने साथ कई लोगों को बूथ के अंदर लेकर गए। अलीगढ़ में भाजपा प्रत्याशी के एजेंट बनकर पहुंचे दो युवकों को पकड़ा गया। लखनऊ में सपा ने आरोप लगाया कि उत्तर विधानसभा के बूथ नंबर 186 पर वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने वाले 150 लोगों में 50 के नाम काट दिए गए हैं।
रागिनी सोनकर बोलीं- सरकार डर चुकी है
मछलीशहर से सपा विधायक रागिनी सोनकर ने वाराणसी में वोट डाला। आरोप लगाया कि डीआईओएस धमकियां दे रहे हैं। स्कूलों की मान्यताएं रद्द करने और टीचरों की नौकरियां खा जाने की बात कर रहे हैं। रागिनी सोनकर ने कहा- कितनी पीड़ा वाली बात है कि एक प्रत्याशी जिसे लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिकार है कि जा करके अपना प्रचार करे, वो इस प्रचार के दिनों में वो बेचारा बैठ करके अधिकारी से लड़ाई लड़ रहा है। और ये कह रहा है कि हमारे जो मतलब वोटर्स हैं उनको डराया ना जाए, उनको धमकाया ना जाए। ये अपने में एक बहुत बड़ा प्रश्नचिह्न इलेक्शन कमीशन के ऊपर भी उठाता है और लोकतांत्रिक व्यवस्था और सरकार के ऊपर उठाता है कि सरकार डर चुकी है पूरी तरीके से।
सैफई में रामगोपाल यादव ने परिवार सहित डाला वोट
सैफई में सपा नेता रामगोपाल यादव, उनके सांसद बेटे अक्षय यादव, बहू डॉ. ऋचा ने वोट डाला। गोरखपुर, प्रयागराज समेत 72 जिलों में सुबह 8 बजे से मतदाताओं की भीड़ उमड़ रही है। अयोध्या में बूथ एजेंट्स वोटिंग से पहले मतदाताओं के पैर छूते दिखाई दिए। शिक्षक खंड की छह और स्नातक की पांच सीटों पर 152 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। कुल 14.28 लाख मतदाताओं के लिए 2,697 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वोटिंग शाम 4 बजे तक चलेगी। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। कानपुर, कानपुर देहात और उन्नाव में वोटिंग नहीं हो रही है। यहां 2029 में चुनाव होंगे। इधर, चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट में 'राम ने यादव को मारा' जैसे अजीब नामों पर सफाई दी। आयोग ने एक्स पर लिखा- वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने का काम पहली बार ऑनलाइन हुआ, इसलिए कुछ गलतियां हो गईं। ERO-AERO से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
गोरखपुर में भाजपा और सपा नेताओं के बीच कहासुनी
गोरखपुर के डीएवी डिग्री कॉलेज में भाजपा और सपा नेताओं के बीच कहासुनी हो गई। दोनों नेताओं ने एक दूसरे पर मतदान प्रभावित करने का आरोप लगाया है।
सपा प्रत्याशी बोले- मतदाताओं को धमकाया जा रहा
आगरा खंड शिक्षक एमएलसी सीट से सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि सरकार के निर्देश पर प्रशासनिक मशीनरी एजेंट बनकर काम कर रही है। मतदाताओं को धमकाया जा रहा है।
सपा ने लखनऊ में वोटर स्टेटस डिलीटेड दिखाने की शिकायत की
सपा ने आरोप लगाया कि लखनऊ की उत्तर विधानसभा के बूथ संख्या 186 पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने वाले लगभग 150 लोगों में से करीब 50 मतदाताओं के नाम सूची से कटे होने और उनका वोटर स्टेटस 'डिलीटेड दिखाए जाने की शिकायत है, जिसके कारण संबंधित मतदाता मतदान नहीं कर पा रहे हैं। संज्ञान ले चुनाव आयोग, मामले की तत्काल जांच कर पात्र मतदाताओं का मतदान अधिकार सुनिश्चित हो।
फिरोजाबाद सांसद अक्षय यादव ने पत्नी के साथ किया मतदान
इटावा में प्रो रामगोपाल यादव के पुत्र और फिरोजाबाद से सांसद अक्षय यादव ने अपनी पत्नी डॉ ऋचा के साथ सैफई स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया। अक्षय यादव ने कहा- कई जगह फर्जी मतदान की सूचनाएं मिल रही हैं, कई जगह भाजपा के नेता बूथ के अंदर बैठकर पर्चियां चेक कर रहे हैं और जुलूस की शक्ल में मतदान करने जा रहे हैं। यदि निष्पक्ष चुनाव हो तो पूरा चुनाव सपा के पक्ष में है।
जालौन में डीएम एसपी मतदान केंद्रों पर पहुंचे
जालानै में डीएम समीर और एसपी सुरेश चंद्र रावत ने उरई के जिला परिषद स्थित पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया। डीएम समीर ने किा कि जिले में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान चल रहा है। एसपी सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होने देंगे।