बुलंदशहर, सिकन्द्राबाद कोतवाली क्षेत्र में भरना रोड पर मंगलवार को तेज रफ्तार वैगनआर कार सड़क किनारे पड़े मिट्टी के ढेर से टकराकर पलट गई. हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, वैगनआर कार में सवार दो युवक अपने गांव लौट रहे थे। भरना रोड पर अचानक चालक का कार से नियंत्रण बिगड़ गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पड़े मिट्टी के ढेर से टकराई और कई पलटे खाते हुए सड़क किनारे जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया,
अस्पताल में चिकित्सकों ने कावरा निवासी 30 वर्षीय नदीम खान को मृत घोषित कर दिया। वहीं भराना निवासी 28 वर्षीय अनुज खटाना की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल का उपचार जारी है.
हादसे की सूचना मिलते ही सिकन्द्राबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक का वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि भरना रोड पर कई स्थानों पर सड़क किनारे मिट्टी के ढेर पड़े होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे अवरोधों को हटवाने और सड़क सुरक्षा के उचित इंतजाम कराने की मांग की है.