Narsingh Jayanti 2025: अगर आप बार-बार बुरे सपनों से परेशान हैं या किसी अनजाने डर का सामना कर रहे हैं, तो नरसिंह जयंती आपके लिए बेहद खास हो सकती है। इस दिन भगवान विष्णु के उग्र अवतार भगवान नरसिंह की पूजा से नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है और भय दूर होता है। देवघर के ज्योतिषाचार्य पंडित नंदकिशोर मुद्गल ने इस दिन के महत्व और पूजा विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी है।
कब है नरसिंह जयंती?
नरसिंह जयंती इस साल 11 मई 2025 को मनाई जाएगी। ऋषिकेश पंचांग के अनुसार चतुर्दशी तिथि 10 मई को शाम 5:29 बजे शुरू होकर 11 मई रात 9:19 बजे तक रहेगी। संध्या काल में भगवान नरसिंह की पूजा करने का विशेष महत्व होता है।
शुभ मुहूर्त में करें पूजा
11 मई को नरसिंह पूजा का शुभ मुहूर्त संध्या 4:21 PM से 7:23 PM तक रहेगा। व्रत करने वाले श्रद्धालुओं को 12 मई को सूर्योदय से पहले पारण करना चाहिए। नरसिंह जयंती पर भगवान नरसिंह की तस्वीर लाकर पंचोपचार या षोडशोपचार विधि से पूजन करें। यह दिन विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी है जो मानसिक भय, अज्ञात संकट या बुरे सपनों से जूझ रहे हैं। भगवान की कृपा से जीवन में साहस, सुरक्षा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
घर बैठे करें सरल उपाय
अगर मंदिर न जा सकें, तो घर पर ही गोधूलि बेला में दीप जलाकर भगवान नरसिंह का ध्यान करें। ओम् नरसिंहाय नमः मंत्र का 108 बार जप करें और हलवा या फल का भोग अर्पित करें। यह उपाय आपको मानसिक शांति और भयमुक्त जीवन देने में सहायक होगा।