.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Dd0466920-9528-49c8-ba99-bd0d8e18d1b3&w=3840&q=75)
Baby Product Waste Of Money : जब घर में नन्हा मेहमान आने वाला होता है, तो माता-पिता खासकर पहली बार पेरेंट्स बेहद उत्साहित रहते हैं. इस दौरान वो हर वो चीज़ खरीदना चाहते हैं जो उनके बच्चे के लिए "ज़रूरी" लगती है. लेकिन मार्केट में ऐसे कई बेबी प्रोडक्ट्स मौजूद हैं जो सिर्फ दिखावे के लिए बनाए गए हैं. ना ही ये उपयोगी होते हैं और ना ही लंबे समय तक काम आते हैं. उल्टा, ये आपके पैसों की बर्बादी ही साबित होते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ बिलकुल बेकार बेबी प्रोडक्ट्स के बारे में जिन्हें खरीदने से पहले दो बार सोचना चाहिए.
1. बेबी वाइप्स वार्मर
ये ऐसा प्रोडक्ट है जो सुनने में बहुत लग्ज़री लगता है, लेकिन असल में इसकी ज़रूरत बिल्कुल नहीं है. वाइप्स को हल्का गर्म रखने के लिए इस मशीन की जरूरत ही क्या है, जब सामान्य वाइप्स भी बच्चे को नुकसान नहीं पहुंचाते? ये बिजली भी खपत करता है और सफर में भी इस्तेमाल करना झंझट भरा होता है.
2. बेबी शूज़ (नवजात के लिए)
नवजात शिशु न तो चलते हैं और न ही उन्हें जूते की ज़रूरत होती है. फिर भी कई ब्रांड्स महंगे-महंगे बेबी शूज़ बेचते हैं जो सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए होते हैं. यह पूरी तरह से एक फैशन स्टेटमेंट बन गया है, जिसका कोई वास्तविक उपयोग नहीं.
3. बेबी फूड प्रोसेसर
बाजार में कई बेबी फूड प्रोसेसर उपलब्ध हैं जो दावा करते हैं कि ये आपके बच्चे के खाने को सही तरीके से ब्लेंड और स्टीम कर सकते हैं. लेकिन सच्चाई यह है कि वही काम आप अपने घर के सामान्य मिक्सर और कुकर से भी कर सकते हैं. अलग से ये मशीन खरीदना सिर्फ पैसे की बर्बादी है.
4. बेबी बाथ थर्मामीटर
बच्चे के नहाने के पानी का तापमान जांचने के लिए खास थर्मामीटर की कोई ज़रूरत नहीं होती. आप हाथ या कोहनी से ही पानी का तापमान आसानी से महसूस कर सकते हैं। फिर भी कंपनियां इसे ‘सेफ्टी’ के नाम पर बेच देती हैं.
5. बेबी वॉकर
यह प्रोडक्ट ज़्यादा नुकसानदायक है बजाए फायदेमंद के. कई रिसर्च और डॉक्टर्स की राय के अनुसार, बेबी वॉकर बच्चे की चलने की नेचुरल प्रक्रिया में बाधा डालता है और गिरने या चोट लगने का खतरा भी बढ़ाता है. कई देशों में तो इसे बैन भी किया जा चुका है.
6. डायपर डिस्पोज़ल सिस्टम
यह एक विशेष डस्टबिन होता है जो सिर्फ डायपर फेंकने के लिए आता है. लेकिन इसकी कीमत बहुत ज़्यादा होती है और इसके लिए स्पेशल रिफिल भी खरीदने पड़ते हैं. जबकि एक सामान्य बंद डस्टबिन भी वही काम कर सकता है.
7. ब्रांडेड बेबी आउटफिट्स (0-3 महीने के लिए)
हर पेरेंट्स चाहते हैं कि उनका बेबी क्यूट दिखे, लेकिन 0-3 महीने के बच्चे बहुत तेजी से बड़े होते हैं. इस उम्र में महंगे और ब्रांडेड कपड़े खरीदना व्यर्थ है क्योंकि ये कुछ ही हफ्तों में छोटे हो जाते हैं. बेहतर है कि आरामदायक, सस्ते और अच्छे क्वालिटी वाले कपड़े लिए जाएं. बेबी मार्केट में आजकल हर चीज़ को "ज़रूरी" बताकर बेचा जा रहा है, जबकि असल में उनमें से बहुत सारे प्रोडक्ट्स महज मार्केटिंग का जाल हैं. ऐसे में समझदारी इसी में है कि आप सोच-समझकर और सच्ची जरूरत के हिसाब से ही शॉपिंग करें. न सिर्फ आपका पैसा बचेगा, बल्कि आप अनावश्यक चीजों के बोझ से भी बचेंगे.
तो ध्यान रखें – कम ज्यादा से बेहतर होता है.