Weather update india: 21 अगस्त से देशभर के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग ने 7 दिन का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। साथ ही कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
गुजरात और महाराष्ट्र में मूसलाधार
21 अगस्त को सौराष्ट्र, उत्तर कोंकण, मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश होगी। उत्तर मध्य महाराष्ट्र में अगले 3 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। 25 अगस्त से कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में गतिविधियां और तेज होंगी।
बिहार-झारखंड में अलर्ट
21 से 25 अगस्त तक झारखंड, ओडिशा और गंगा क्षेत्र के पश्चिम बंगाल में बारिश का अनुमान है। झारखंड में 22 अगस्त को और बिहार में 22-23 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 25 और 26 अगस्त को तेज बारिश का पूर्वानुमान है।
उत्तर भारत में बरसात का सिलसिला
22 से 26 अगस्त तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश होगी। पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 22 से 26 अगस्त तक जोरदार बारिश का दौर चलेगा। पूर्वी राजस्थान में भी अगले हफ्ते लगातार बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश
असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में अगले 7 दिनों तक बारिश का अनुमान है। इनमें से अरुणाचल, त्रिपुरा और मिजोरम में 21 से 24 अगस्त और असम-मेघालय में 20 से 23 अगस्त तक अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।