Weather Alert in Delhi-NCR: दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण और कड़ाके की ठंड से परेशान लोगों के लिए मौसम को लेकर अहम अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग के अनुसार 23 जनवरी के बाद क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आंधी-तूफान, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। इस बदलाव से एक ओर जहां प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर ठंड और बढ़ सकती है।
आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी
आईएमडी के मुताबिक 23 जनवरी से दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बदलाव के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को ज्यादा सर्दी महसूस हो सकती है।
तापमान और कोहरे का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 23 जनवरी को अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं 24 जनवरी को तापमान में और गिरावट आने के साथ घना कोहरा छाने की आशंका है। 21 और 22 जनवरी को भी सुबह और रात के समय मध्यम कोहरा बने रहने का अनुमान जताया गया है।
यह भी देखेंःBomb making factory in Patna: पटना यूनिवर्सिटी हॉस्टल में बम बनाने की फैक्ट्री, पुलिस छापे में बड़ा खुलासा
प्रदूषण से जूझ रहा NCR
फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के लोग ठंड के साथ-साथ गंभीर वायु प्रदूषण का सामना कर रहे हैं। कई इलाकों में हवा इतनी खराब है कि सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायतें सामने आ रही हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई हिस्सों में AQI 400 से ऊपर दर्ज किया गया है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।
AQI ऐसे करें चेक
हवा की गुणवत्ता जानने के लिए लोग CPCB की समीर ऐप, AQI India और AirVisual जैसे मोबाइल ऐप का सहारा ले सकते हैं। इसके अलावा गूगल पर अपने शहर के नाम के साथ “AQI today” सर्च कर मौजूदा वायु स्थिति की जानकारी आसानी से हासिल की जा सकती है।