Weather Forecast: मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। चक्रवाती सिस्टम के सक्रिय होने से कई जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटों में रीवा, सीधी, मऊगंज और सिंगरौली समेत 29 जिलों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बीच सक्रिय सिस्टम ने एक बार फिर प्रदेश में बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका बढ़ा दी है।
अवदाब और चक्रवाती तूफान से बढ़ा खतरा
आंतरिक ओडिशा पर बना अवदाब (डिप्रेशन) लगातार उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसकी वजह से उत्तरी छत्तीसगढ़ और फिर मध्य प्रदेश में तेज बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि यह सिस्टम अगले 24 घंटों में एक सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील हो जाएगा। वहीं, उत्तर-पूर्व अरब सागर पर बना गहरा अवदाब अगले 3 घंटे में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
प्रदेश के जिन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, अनुपपुर, उमरिया, डिंडोरी, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ शामिल हैं।
स्थिति बनी रह सकती है गंभीर
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अवदाब और चक्रवाती तूफान का असर इसी तरह बना रहा, तो अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश से नदियों और जलाशयों का जलस्तर बढ़ सकता है। इससे कई जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।