Weather changes: प्रदेश में आज से मौसम ने करवट ले ली है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27 और 28 जनवरी के दौरान उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस दौरान ओलावृष्टि के भी आसार हैं, जिससे किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी यूपी में तेज बारिश और झोंकेदार हवाएं
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 27 जनवरी की सुबह से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे मौसम ठंडा और अस्थिर बना रहेगा।
ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बारिश के साथ-साथ कुछ जिलों में वज्रपात और ओलावृष्टि भी हो सकती है। यह दौर पहले पश्चिमी हिस्सों में शुरू होकर देर शाम या रात तक प्रदेश के मध्यवर्ती क्षेत्रों तक पहुंच सकता है। 28 जनवरी को इसका असर पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी दिखाई देने की संभावना है।
यह भी देखेंःDelhi to Haryana: NCR में दौड़ेगी नमो भारत की रफ्तार, आधे घंटे में दिल्ली से हरियाणा का सफर
तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा जारी
बारिश के इस दौर के दौरान रात के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, 29 जनवरी से मौसम फिर करवट बदलेगा और रात के तापमान में दोबारा तीन से पांच डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।
कोहरे की वापसी और फरवरी में राहत के संकेत
मौसम विभाग का कहना है कि 29 से 31 जनवरी के बीच कोहरे का घनत्व बढ़ सकता है, जिससे सुबह और रात के समय दृश्यता प्रभावित होगी। इसके बाद फरवरी की शुरुआत से तापमान में फिर से दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी होने के संकेत हैं, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।