
4 August Weather: देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. 4 अगस्त 2025 को भी कई राज्यों में तेज बारिश का सिलसिला जारी है. दिल्ली-एनसीआर में दो दिन पहले हुई बारिश के बाद एक बार फिर उमस लोगों को परेशान कर रही है, हालांकि, आज बारिश के आसार जताए गए हैं, जिससे लोगों को राहत मिल सकती है. वहीं देश के अन्य हिस्सों में बारिश ने तबाही मचाई है. मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
उत्तर प्रदेश में नदियों का रौद्र रूप
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं. कई जिलों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है. राजधानी समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के जिलों में जलभराव की वजह से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है. मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. हालांकि, बारिश से तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहावना जरूर हो गया है, लेकिन ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में बारिश से लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
यह भी पढ़ेंःPM Kisan Yojana: 17 हजार किसानों को नहीं मिली पीएम किसान योजना की किस्त, सामने आईं कई बड़ी वजहें
बिहार में जलजमाव से हाल बेहाल
बिहार में बीते 48 घंटों से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. पटना समेत कई शहरों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे स्कूलों को बंद करना पड़ा है. कई घरों की छतों से पानी टपकने लगा है और सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है. मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई जिलों में वज्रपात, तेज हवा और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की गई है.