Weather News: भीषण गर्मी के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम के मिजाज में अचानक बदलाव का पूर्वानुमान जताया है। IMD के 'येलो अलर्ट' के मुताबिक, आज दोपहर बाद दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में तेज धूल भरी आंधी के साथ गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है, जिससे बढ़ते तापमान से राहत मिलने के आसार हैं।
2 बजे के बाद बदलेगा मौसम
मौसम विभाग (IMD) ने 'येलो अलर्ट' जारी करते हुए चेतावनी दी है कि आज दोपहर 2 बजे के बाद तेज धूल भरी आंधी चल सकती है और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। आंधी के दौरान हवाओं की गति 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। मौसम विभाग ने सोमवार, 30 मार्च को दिल्ली में हल्की बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है. अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका ने ईरान पर जमीनी हमले की दी चेतावनी, हालात और बिगड़ने के संकेत
दिल्ली के पास के राज्यों में भी दिखेगा असर
दिल्ली में आंधी-बारिश का असर पास के राज्यों यानी पंजाब-हरियाणा में भी देखने को मिलेगा. पंजाब और हरियाणा दोनों ही प्रदेशों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओले गिरने का अलर्ट है। 31 मार्च को गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्यों के हाल
बता दें कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो रही है। आईएमडी ने इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आज भारी बारिश के साथ बर्फबारी पड़ेगी। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने की वजह से मार्च के आखिरी दिनों में भी पहाड़ों पर ठंड और बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है। इससे मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं पहुंच रही हैं, जिससे गर्मी का असर कम हो रहा है।