Weather Change in Delhi: गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली के मौसम में मिला-जुला असर देखने को मिला। सुबह ठंड रही, लेकिन दिन चढ़ते ही हल्की गर्माहट महसूस हुई। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले घंटों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है।
तापमान में दिखा उतार-चढ़ाव
सोमवार को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में तापमान में फर्क नजर आया। पालम में अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड, रिज और आयानगर में यह 21.5 से 21.6 डिग्री के आसपास रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा, जिससे रात में ठंड बनी रही और लोगों को ठिठुरन महसूस हुई।
बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। सुबह से दोपहर तक मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है, जबकि शाम और रात में भी हल्की बारिश के आसार बने रहेंगे।
यह भी देखेंःUniform Civil Code: समान नागरिक संहिता में बड़ा संशोधन, उत्तराखंड सरकार ने जारी किया नया अध्यादेश
ठंड बढ़ने के संकेत
बारिश और बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह इस मौसम का दूसरा प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ होगा, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है।
हवा की सेहत पर असर
दिल्ली में बीते दिन वायु गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गई और कई इलाकों में एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गया। हालांकि बारिश की वजह से प्रदूषण में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। पूर्वानुमान के मुताबिक 27 और 28 जनवरी को हवा की गुणवत्ता ‘मध्यम’ स्तर पर रह सकती है, लेकिन इसके बाद फिर बिगड़ने की आशंका है।