Fog Wreak Havoc: उत्तर प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार सुबह प्रदेश के करीब 40 जिलों में कोहरे की मोटी चादर छाई रही, जिससे सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई। शहरों की तुलना में ग्रामीण इलाकों में हालात ज्यादा खराब रहे, जहां कई स्थानों पर विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई। वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और सुबह के समय आवाजाही लगभग ठप जैसी स्थिति में रही।
ठंड के मामले में भी प्रदेश ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। सुल्तानपुर सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। यह तापमान शिमला और नैनीताल जैसे पहाड़ी इलाकों से भी कम रहा। गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, अयोध्या और सुल्तानपुर सहित कई जिलों में सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, आमतौर पर ऐसा घना कोहरा दिसंबर के आखिरी सप्ताह में देखने को मिलता है, लेकिन इस बार ठंड ने पहले ही तीखा असर दिखा दिया है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर, यातायात हुआ प्रभावित
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है, जिसका सीधा असर मैदानी क्षेत्रों पर पड़ा है। इसी वजह से उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरा लगातार बना हुआ है। घने कोहरे के चलते कई ट्रेनें रद्द या देरी से चल रही हैं, वहीं सड़क और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। फिलहाल मौसम विभाग ने बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
25 दिसंबर के बाद राहत के संकेत, जानें आगे का हाल
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 25 दिसंबर के बाद कोहरे में आंशिक कमी आ सकती है। दिन के तापमान में करीब दो डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है, हालांकि रात की ठंड बरकरार रहेगी। पूर्वानुमान के मुताबिक 24 दिसंबर को पूर्वी यूपी में घना और पश्चिमी यूपी में हल्का कोहरा रहेगा। 25 दिसंबर को पश्चिमी यूपी में घने कोहरे का अलर्ट है, जबकि 26 दिसंबर से मौसम कुछ हद तक साफ होने के संकेत मिल रहे हैं।