Weather to Change in Delhi-NCR: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 22 मार्च को दिनभर बादल छाए रहेंगे और ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा। वहीं 23 मार्च को बारिश और तेज हवाओं के आसार जताए गए हैं।
ठंडी हवाओं का असर
रविवार को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 13-14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और तेज धूप नहीं निकलेगी। 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं मौसम में ठंडक बनाए रखेंगी, जिससे मार्च में भी हल्की ठंड का अहसास होगा।
कई शहरों पर असर
सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश के साथ 20 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसका असर नोएडा, गुरूग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआऱ क्षेत्र में देखने को मिलेगा। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
यह भी देखेंःBJP Holds Crucial Meeting: लखनऊ में बीजेपी की अहम बैठक, 2027 चुनाव और संगठनात्मक बदलाव पर हुआ मंथन
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
IMD के मुताबिक 24 से 27 मार्च के बीच मौसम अपेक्षाकृत स्थिर रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। हल्की ठंडक के साथ मौसम संतुलित बना रहेगा।
नजर बनाए रखने की सलाह
27 मार्च के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है, क्योंकि फिलहाल कोई नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं दिख रहा है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अचानक बदलाव से इनकार नहीं किया जा सकता, इसलिए लोगों को अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।