Delhi on Republic Day: दिल्ली में गणतंत्र दिवस से पहले मौसम को लेकर लोगों की चिंता बढ़ी हुई है। फुल ड्रेस रिहर्सल के दिन हुई तेज बारिश के बाद यह सवाल लगातार उठ रहा है कि 26 जनवरी को परेड के समय मौसम कैसा रहेगा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, गणतंत्र दिवस के दिन राजधानी में बादल छाए रहेंगे और सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, लेकिन परेड के दौरान बारिश के आसार नहीं हैं। तापमान सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है।
27 जनवरी से सक्रिय होगा मौसम तंत्र
मौसम विभाग का कहना है कि 27 जनवरी से दिल्ली-एनसीआर में मौसम फिर करवट लेगा। इस दौरान बादल घने रहेंगे और सुबह से लेकर दोपहर तक बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं। कुछ इलाकों में बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो आंधी का रूप भी ले सकती हैं।
पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों में असर
26 जनवरी को हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 27 जनवरी को कुछ इलाकों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और बर्फ गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। इसका असर मैदानी इलाकों तक देखने को मिल सकता है।
.
यह भी देखेंःPadma Shri: 88 साल की उम्र में भी सेवा का जुनून, गलियां साफ करने वाले रिटायर्ड IPS को पद्मश्री
उत्तर भारत में आंधी-बारिश की चेतावनी
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 27 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और ओले गिरने की भी आशंका है। 28 जनवरी को बिहार में भी बारिश और बिजली गिरने के संकेत हैं।
23 जनवरी की बारिश से बदला मिजाज
23 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में हुई तेज बारिश और हवाओं ने गर्मी के असर को खत्म कर दिया था। इसके बाद से तापमान में गिरावट आई और ठंड का अहसास बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम पूरी तरह स्थिर होने के आसार कम हैं।