दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. आज यानि शनिवार को राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, हरियाणा-पंजाब समेत हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में इस तरह के हालात रहेंगे। बताया जा रहा है कि दिल्ली में अगले एक हफ्ते तक आकाश में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है.
इन राज्यों में बाढ़ का खतरा
मानसून के कारण बाढ़ के हालात बने हुए हैं. कई राज्यों में जैसे असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, त्रिपुरा, उत्तराखंड, कर्नाटक, बंगाल, गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ के कारण तबाही मची है. बारिश के कारण हिमाचल सबसे अधिक प्रभावित राज्य है. राज्य में अब तक बाढ़ और भारी बारिश के कारण 105 लोगों की जान जा चुकी है.
आकाशीय बिजली गिरने का खतरा
यूपी-बिहार में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. पहाड़ों पर बादल फटने और भूस्खलन होने की संभावना बनी हुई है. वहीं महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. मौसम विभाग की मानें तो आने वाले 24 घंटे के अंदर पश्चिम बंगाल, असम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में तेज बारिश हो सकती है. आकड़ों के अनुसार, एक जून से 16 जुलाई के बीच देश में 331.9 मिमी वर्षा हुई है. यह औसत से 9 प्रतिशत अधिक है.
राजस्थान में खूब हो रही बारिश
झारखंड और राजस्थान में भारी बारिश हो रही है. झारखंड में कुल 595.8 मिमी वर्षा हुई, यह सामान्य से 71 प्रतिशत अधिक है. वहीं राजस्थान में भी भारी बारिश हुई है. यहां पर अब तक 348.9 मिमी बरसात हुई है. अब तक यहां पर 271.9 मिमी बारिश होती रही है, यह सामान्य वर्षा से 125.6 मिमी अधिक है.