मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश होगी तो कहीं तेज तूफानी बारिश देखने को मिल सकती है। कई स्थानों पर बिजली गिरने और धूलभरी आंधी का भी खतरा बताया गया है.
70 की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग ने कुछ हिस्सों में तेज हवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. अनुमान है कि कई राज्यों में हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं की वजह से पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है.
मानसून को लेकर भी बड़ा संकेत
दक्षिण भारत में मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे मजबूत होती दिखाई दे रही हैं. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि केरल के आसपास मानसून की रफ्तार बढ़ रही है और इसका असर आने वाले दिनों में देश के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। कई राज्यों में लगातार बढ़ रही नमी और बादलों की सक्रियता मानसून की शुरुआती दस्तक का संकेत मानी जा रही है.
कहीं बारिश तो कहीं लू का डबल असर
एक तरफ कई राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर भी जारी रह सकता है. दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में तापमान अभी भी काफी ऊंचा रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि बारिश होने वाले इलाकों में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और यात्रियों को भी मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है। आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम और ज्यादा सक्रिय हो सकता है.